सोमवार, 13 दिसंबर 2010

चुनौतियों भरा होगा कांग्रेस का अधिवेशन!

घोटालों व भ्रष्टाचार पर मुश्किल में फंसी है कांग्रेस
ओ.पी. पाल
यूपीए सरकार का नेतृत्व कर रही कांग्रेस पार्टी का अधिवेशन 18 दिसंबर से शुरू होगा, जो भ्रष्टाचार और घोटालों के मुद्दे पर फजीहत झेल रही कांग्रेस के लिए एक बड़ी चुनौती से कम नहीं होगा। इसका कारण साफ है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के शासनकाल में सामने आ रहे भ्रष्टाचार और घोटाले के मुद्दे पार्टी की मुश्किलों को निरंतर बढ़ाते आ रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी में अगले सप्ताह होने वाले कांग्रेस के तीन दिवसीय अधिवेशन ऐसे समय हो रहा है जब विपक्ष से घिरी यूपीए सरकार में उसका नेतृत्व करने वाली कांग्रेस पार्टी की मुश्किलें बढ़ाती नजर आ रही है। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में जेपीसी की मांग को लेकर संसद का पूरा शीतकालीन सत्र हंगामें की भेंट चढ़ने की दहलीज पर खड़ा है, जिसका सोमवार को अंतिम दिन है और अंतिम दिन भी विपक्ष की एकजुटता और जेपीसी की मांग पर अड़िग विपक्ष की चेतावनी को देखते हुए हरेक दिन की तरह बाधित होने के संकेत कर रहा है। यदि सोमवार को भी संसद की कार्यवाही नहीं चल पाई तो यह भारतीय संसद के इतिहास में शायद पहला मौका होगा जब पूरा संसद सत्र किसी मुद्दे को लेकर हंगामे की भेंट चढेÞगा? ऐसे में यूपीए सरकार का नेतृत्व करने वाली कांग्रेस पार्टी की राजनीति ही प्रभावित हो रही है। ऐसे में अगले सप्ताह अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी का अधिवेशन 18 दिसंबर से शुरू होगा, जब कांग्रेस 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले, राष्ट्रमंडल खेलों में हुए गोलमाल तथा आदर्श सोसायटी घपले के कलंक से जूझ रही है। इस अधिवेशन में इनके अलावा अन्य अनेक महत्वपूर्ण मुद्दो पर चर्चा निश्चित रूप से होगी। कांग्रेस के इस अधिवेशन में खासकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिए उनकी राजनीति जीवन की सबसे बड़ी चुनौती मानी जा रही है, क्योंकि भ्रष्टाचार और घोटालों की श्रृंखला की पृष्ठभूमि में इस मुद्दे पर राजग और गैर राजग विपक्ष कांग्रेस पर घेराबंदी कसते जा रहे हैं। कांग्रेस प्रमुख श्रीमती सोनिया गांधी स्वयं भी भ्रष्टाचार और लालच के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता जता चुकी हैं। 2जी स्पेक्ट्रम मामले में विपक्ष ने संसद का पूरा शीतकालीन सत्र बाधित कर सरकार को घेरते हुए विपक्ष पहले ही अपने आपको मजबूत साबित कर चुका है। विपक्ष कांग्रेस को इसलिए भी घेरे हुए हुए है कि एक माह पूर्व दिल्ली के तालकटोरा आडोटीरियम में हुई कांग्रेस की राष्टÑीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री, सोनिया ही नहीं कांग्रेस का कोई अन्य बड़ा या छोटा नेता भ्रष्टाचार के मुद्दे पर एक भी शब्द नहीं बोल पाया था, जिसे लेकर प्रमुख विपक्षी दल ने तीखी टिप्पणियां की थी। हालांकि उसके बाद कांग्रेस हाईकमान ने मुंबई में आदर्श सोसायटी घोटाले में लिप्त महाराष्टÑ के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को हटाया है, तो 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में जद्दोजहद के बाद संचार मंत्री ए. राजा से भी प्रधानमंत्री इस्तीफ लेने में तो कामयाब रहे, लेकिन जेपीसी पर मनमोहन टस से मस भी नहीं हो पा रही है। बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हुई फजीहत के लिए कांग्रेस भी अहसास कर रही है कि उसका नतीजा भ्रष्टाचार और घोटालों के मुद्दे को विपक्षी दलों द्वारा जोरों से उठाये जाना ही है। हालांकि कांग्रेस के इस अधिवेशन में बिहार चुनाव के नतीजों की भी समीक्षा पर विचार होगा। कांग्रेस के लिए यह अधिवेशन इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि अगले साल तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल,असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने है जिसके लिए उसे अपनी रणनीति तय करनी होगी। वहीं वर्ष 2012 में उत्तर प्रदेश और भाजपा शासित गुजरात सहित कुछ अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव भी ऐसे दौर से गुजर रही कांग्रेस के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। इन सभी चुनौतियों का सामना किस रणनीति से किया जाए कांग्रेस का अधिवेशन खासकर इसी पर केंद्रित होगा। कांग्रेस प्रमुख सोनिया के सामाने यह भी एक समस्या बनी हुई है कि वह पार्टी की 25 सदस्यीय शीर्ष नीति निर्धारक निकाय 'कांग्रेस कार्य समिति' का पुनर्गठन करने में विलंब हो रहा है, जो अधिवेशन से पहले ही होना था। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी अधिवेशन में सबसे पहले कांग्रेस कार्य समिति पर फैसला करेंगी।

रविवार, 12 दिसंबर 2010

शिक्षा बिना युवा आबादी बन सकती है अभिशाप!

 रिपोर्ट: 80 करोड़ आबादी 20 रुपये रोज पर जीने को मजबूर
ओ.पी. पाल
भले ही वैश्विक वित्तीय संकट के बाद तीव्रता से पटरी पर लौट रहे आर्थिक विकास वाले देशों की सूची में भारत भी शामिल हो,लेकिन अगले दो दशकों में युवा आबादी का विकास सामाजिक उथल-पुथल का कारण हो सकता है यानि शिक्षा के विकास के बिना आने वाले सालों में युवा आबादी देश के लिए एक अभिशाप भी बन सकती है। इस प्रकार के तथ्य हाल ही में जारी एक रिपोर्ट के तथ्यों एवं विशेषज्ञों की राय से भी सामने आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की यूपीए सरकार ने इस साल अप्रैल में 14 साल की उम्र तक के बच्चों के लिए शिक्षा का अधिकार कानून पास किया है लेकिन इस पर अमल के लिए स्कूलों और शिक्षकों का अभाव है। इस कानून पर अमल के लिए 12 लाख शिक्षकों की जरूरत है लेकिन इस समय भारत में सिर्फ 7 लाख शिक्षक हैं और उनमें भी 25 फीसदी काम पर नहीं जाते। भारत में साक्षरता दर 65 प्रतिशत है जबकि चीन में यह 91 प्रतिशत और यहां तक कि केन्या में 85 प्रतिशत है। मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल 2020 तक हाई स्कूल पास करने वाले बच्चों की संख्या इस समय के 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करना चाहते हैं। लेकिन ऐसा करने के लिए सैकड़ों नए कॉलेज और विश्वविद्यालय बनाने होंगे। इस मांग को पूरा करने के लिए भारत सरकार ने विदेशी विश्वविद्यालयों को भारत में कैंपस बनाने की अनुमति देने वाले कानून का मसौदा तैयार किया है। जबकि विश्व बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार स्कूल में भर्ती होने वाले बच्चों में से 39 फीसदी 10 साल की उम्र में ही पढ़ाई छोड़ देते हैं और 15 से 19 की आयु के किशोरों में सिर्फ 2 फीसदी का व्यावसायिक प्रशिक्षण मिलता है। भारतीय उद्योग महासंघ के अध्यक्ष हरि भारतीय मानते हैं कि हमारी सबसे बड़ी चुनौती स्कूल के स्तर पर है। जहां तक आबादी में हो रही वृद्धि का सवाल है उसमें हल ही में जारी डॉयचे बैंक की एक रिपोर्ट का दावा है कि अगले दो दशकों में भारत की काम करने वाली आयु की आबादी में 24 करोड़ की वृद्धि होगी, जो ब्रिटेन की कुल आबादी का चौगुना है। लेकिन एशियन डेवलपमेंट बैंक के प्रबंध निदेशक रजत नाग ने हाल ही में नई दिल्ली में निवेशकों के एक सम्मेलन में चेतावनी दी थी कि शिक्षा के बिना आबादी का यह लाभ आबादी के अभिशाप में बदल सकता है। सरकारी आंकड़ों पर नजर डाले तो भारत में 80 करोड़ आबादी 20 रुपए रोजाना से कम पर जीवन यापन कर रही है.वरिष्ठ भारतीय विश्लेषक दीपक लालवानी का कहना है, कि यदि आर्थिक लाभ सभी लोगों को शामिल करने वाले, रोजगार देने वाले और जीवन स्तर ऊंचा उठाने वाले न हों तो सामाजिक समरसता प्रभावित होगी। विशेषज्ञों के अनुसार भारत उस स्तर पर पहुंचने वाला है जहां श्रम बाजार में घुसने वाले युवा कामगारों की बड़ी संख्या बचत और निवेश के जरिए महत्वपूर्ण आर्थिक लाभ का कारण बन सकती है। चीन ने 1980 के दशक में इस स्तर पर पहुंचने के बाद आर्थिक विकास की ऊंची छलांग लगाई थी। भारत की 120 करोड़ आबादी का आधा से अधिक हिस्सा 25 साल से कम आयु का है। विशेषज्ञों की माने तो 2020 तक भारतीयों की औसत आयु 29 होगी जबकि उस समय चीन की औसत आयु 37 होगी। चीन की कामकाजी आबादी अगले पांच साल में चोटी पर होगी और उसके बाद उसका गिरना शुरू हो जाएगा, जो आंशिक रूप से उसकी एक बच्चे वाली नीति का नतीजा है। वहीं 2035 तक भारत की आबादी 150 करोड़ होगी और उसमें कामकाजी आबादी 65 फीसदी होगी, लेकिन रजत नाग मानते हैँ कि भारत को लाभ तभी मिलेगा जब उसके कामगार प्रशिक्षित हों। विशेषज्ञों के अनुसार युवा आबादी को शिक्षा देने की चुनौती बहुत भारत इस मामले में अभी तक बहुत पीछे है। 

मंगलवार, 7 दिसंबर 2010

यातना के दोषियों की अब खैर नहीं!

यातना निवारण विधेयक में दोषियों को मृत्युदंड का प्रावधान
ओ.पी. पाल
यदि सरकार ने पिछले तेरह साल से चल रही कवायद को अंजाम देते हुए राज्यसभा की प्रवर समिति की सिफारिशों को स्वीकार किया तो यातना निवारण विधेयक 2010 देश में होने वाली यातनाओं को रोकने में भारत को एक बड़ी कामयाबी मिल जाएगी।सबसे ज्यादा यातनाओं और मानवाधिकार के उल्लंघन की शिकायतें पुलिस के खिलाफ आती हैं। इस यातना निवारण विधेयक में संशोधन के लिए जो जिन प्रावधानों को कानून में शामिल करने की सिफारिश की गई है उसमें पुलिस हिरासत में प्रताड़ना की वजह से होने वाली मौत के दोषियों को आजीवन कारावास और मृत्युदंड की कठोर सजा के साथ ही कम से कम एक लाख रुपये के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
पुलिस हिरासत या अन्य संस्थानों में प्रताड़ना के दोषियों के खिलाफ सख्त सजा का प्रावधान करने के लिए राज्यसभा की प्रवर समिति के अध्यक्ष अश्विनी कुमार ने सदन में मंगलवार को यातना निवारण विधेयक 2010 की जांच रिपोर्ट अपनी कई महत्वपूर्ण सिफारिशों के साथ अपनी रिपोर्ट पेश की है। समिति द्वारा केंद्र सरकार से इस विधेयक में की गई सिफारिशों में सबसे महत्वपूर्ण सिफारिश यह है कि विधेयक में हिरासत में यातना के कारण मौत के दोषी पाये जाने वाले अधिकारी या व्यक्ति को मृत्युदंड देने का प्रावधान किया जाए। हालांक समिति ने झूठी शिकयतों की जांच का प्रावधान करने की सिफारिश है ताकि कोई निर्दोष अधिकारी या अन्य कोई इस कानून के शिकंजे में न फंस सके। यही नहीं दोषियों को कठोर सजा के साथ कम से कम एक लाख रुपये का जुर्माना देने का भी प्रावधान है। राज्यसभा की प्रवर समिति के अध्यक्ष अश्वनी का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार समिति की सिफारिशों को मंजूर करके विधेयक में संशोधन करके उसे पारित कराएगी, ताकि देश में चल रहे मानवाधिकार उल्लंघन और यातना के दौर का खात्मा हो सके। देशभर में पुलिस हिरासत में मौत होने के आंकड़े लगातार बढ़ने से केंद्र सरकार पिछले तेरह साल से यातना निवारण विधेयक में संशोधन करके कड़े प्रावधान करने की कवायद करती रही। देश में होने वाली मानव यातनाओं और मानवाधिकारों के उल्लंघन पर संयुक्त राष्ट ने भी चिंता जाहिर करते हुए भारत से सख्त कानून लागू करने का सुझाव दिया था। इसके लिए यूपीए सरकार ने यातना निवारण विधेयक 2010 का मसौदा तैयार करके उसे लोकसभा में इसी साल बजट सत्र के दौरान 26 अप्रैल को पुर:स्थापित किया था। इस विधेयक को राज्यसभा में 31 अगस्त को स्वीकृति के प्रस्ताव पर विधेयक की जांच करने और इस संबन्ध में की जिसे लोकसभा में 6 मई 2010 को पारित भी कर दिया गया, लेकिन उच्च सदन इस विधेयक में सख्त सजा के प्रावधान न होने के कारण हुए विरोध के कारण इसे पेश नहीं किया जा सका था। सभापति मोहम्मद हामिद अंसारी ने 31 अगस्त 2010 को इस विधेयक की जांच के लिए इसे राज्यसभा की 13 सदस्यीय प्रवर समिति को सौँप दिया था। प्रवरण समिति ने जांच करने के लिए तिहाड़ जेल में भी कैदियों से बातचीत की और अन्य पक्षों के भी विचार सुनने के बाद बिल में कड़ी सजा के प्रावधान करने की सिफारिश की है। इस प्रताड़ना निवारण विधेयक में समिति ने सरकारी शिक्षण संस्थाओं, सरकारी कंपनियों और संगठनों के कर्मचारी को लोक सेवकों के दायरे में लाने की भी सिफारिश की है। रिपोर्ट में सरकारी शिक्षण संस्थाओं, सरकारी कंपनियों और संगठनों के कर्मचारियों को शामिल करने के लिए लोक सेवकों की परिभाषा का विस्तार करने, प्रताड़ना के लिए कड़ी सजा का प्रावधान करने की और हिरासत में प्रताड़ना के कारण होने वाली मौत के लिए उम्रकैद या मृत्यु दंड की सिफारिश की गई है। वहीं सिफारिशों में महिलाओं के खिलाफ यौन दुर्व्यवहार और बच्चों को प्रताड़ना को संकेतात्मक विधेयक की सूची में जोड़ा गया है। संशोधित विधेयक में आरोपी के खिलाफ मुकदमा चलाने की पूर्व अनुमति लेने का प्रावधान यथावत है। इस प्रस्तावित कानून भारत को प्रताड़ना की रोकथाम पर संयुक्त राष्ट्र समझौते की अभिपुष्टि करने में मदद करेगा। इस समझौते पर 1997 को हस्ताक्षर किए गए थे। यह विधेयक सशस्त्र बलों पर लागू होगा और प्रताड़ना की शिकायत मिलने पर सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम पर भी प्रभावी होगा।

सोमवार, 6 दिसंबर 2010

थॉमस बने केंद्र सरकार के गले की फांस!

सीवीसी को हटाने के लिए सरकार के पास
महाभियोग योग का ही एक मात्र तरीका
ओ.पी. पाल
केंद्र की यूपीए सरकार भ्रष्टाचार और घोटालों के मुद्दे पर संसद में पहले ही विपक्ष से घिरी हुई है तो केंद्रीय सतर्कता आयोग के आयुक्त की नियुक्ति को लेकर जवाब तलबी के लिए मिले सुप्रीम कोर्ट के नोटिस ने उसकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। दूसरी और सीवीसी पीजे थॉमस केंद्र सरकार की बात को कोई तरजीह देने को तैयार नहीं हैं और उनके सीवीसी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा न देने के मामले ने यीपीए सरकार के सिरदर्द को और बढ़ा दिया है। यानि पीजे थॉमस केंद्र सरकार के गले की फांस बनते नजर आ रहे हैं।
देश में भ्रष्टाचार और घोटालों के कारण लगातार फजीहत झेलती आ रही कंग्रेसनीत यूपीए सरकार यदि लोकसभा में विपक्ष की नेता श्रीमती सुषमा स्वराज की बात मान लेती तो शायद भ्रष्टाचार की जांच करने वाली केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के अध्यक्ष पीजे थॉमस को लेकर केंद्र सरकार के ऊपर उंगलिया न उठती और ना ही सरकार को सुप्रीम कोर्ट के कड़े रुख के चलते एक बार फिर से शर्मसार होना पड़ता। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को एक ऐसे व्यक्ति को सीवीसी के अध्यक्ष पद पर नियुक्त करने के लिए जवाब मांगने के लिए अदालत में पेश होकर सफाई देने के लिए नोटिस जारी किया, जिसके खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले चले हों। ऐसी टिप्पणी करते हुए पहले ही अदालत यह दलील दे चुकी है कि भ्रष्टाचार का हिस्सा रहा व्यक्ति भला भ्रष्टाचार के खिलाफ कैसे जांच कर सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने आज सोमवार को केंद्र सरकार के अलावा सीवीसी आयुक्त पीजे थॉमस को भी नोटिस भेजा और अदालत में हाजिर होकर अपने ऊपर लगे आरोपों की सफाई पेश करने के लिए कहा है। गत सात सितंबर को सीवीसी प्रमुख के पद पर केंद्र सरकार ने 1973 बैच के केरल कैडर के भारतीय प्रशासनिक अधिकरी पीजे थॉमस की नियुक्ति की थी। सीवीसी जैेसी संस्था के आयुक्त पद के लिए बनी चयन समिति में लोकसभा की प्रतिपक्ष नेता श्रीमती सुषमा स्वराज भी एक सदस्य के रूप में शामिल है। चयन समिति में जब सीवीसी प्रमुख की नियुक्ति के लिए पी.जे. थॉमस के नाम का प्रस्ताव आया तो उसे सीवीसी बनाए जाने का सुषमा स्वराज ने कड़ा विरोध करते हुए आरोप लगाए थे कि एक दागी पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को भ्रष्टाचार पर नजर रखने वाले इस महत्वपूण्र आयोग का प्रमुख नहीं बनाया जाना चाहिए। इस संबन्ध में भाजपा ने राष्टÑपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल से भी आग्रह किया था कि वह इस पद के लिए थॉमस के नियुक्ति पत्र पर हस्ताक्षर न करें। यही नहीं थॉमस को सीवीसी बनाए जाने के तीन सदस्य चयन समिति के बहुमत के फैसले से खुद को अलग करते हुए सुषमा स्वराज ने अपने असहमति नोट में आरोप लगाय है कि थॉमस 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले पर पर्दा डालने में शामिल रहे हैं जिसे सीवीसी नहीं बनाया जा सकता। उस दौरान तो प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने स्वयं भी भाजपा के विरोध को खारिज करते हुए कहा था कि सीवीसी के लिए जिन तीन नामों का सुझाव आया है उनमें पीजे थॉमस ही सर्वश्रेष्ठ हैं। थॉमस के सीवीसी का पद ग्रहण करने के बाद केंद्र सरकार को लगे ग्रहण से निश्चित केंद्र सरकार को इस बात का पश्चतावा होगा कि काश! वह भाजपा के विरोध पर गंभीरता से गौर कर लेती तो आज यह फजीहत न होती। यही नहीं थॉमस केरल में भी एक भ्रष्टाचार के मामले के आरोपी बताये जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार सीवीसी की नियुक्ति पर जब उच्चतम न्यायालय ने कड़ा रूख अपनाया तो पिछले सप्ताह कांग्रेस कोर ग्रुप तथा सरकार ने अलग-अलग बैठक करके थॉमस को सीवीसी पद से इस्तीफा देने को कहा था, जिसमें थॉमस ने विचार करने की हामी भर ली थी, लेकिन बाद में थॉमस ने ताल ठोककर मीडिया के समक्ष कहा था कि वह सीवीसी हैं-सीवीसी रहेंगे और वे इस पद से इस्तीफा देने नहीं जा रहे हैं। ‘अब पछताए क्या होत..जब चिड़िया चुग गई खेत’ वाली कहावत केंद्र सरकार के लिए चरितार्थ होती सामने आई। जब थॉमस इस्तीफा न देने की जिद पर अड़िग हो तो ऐसे में उन्हें हटाने के दो ही तरीके बचते हैं, जिसमें सुप्रीम कोर्ट में पीयूसीएल की ओर से पैरवी कर रहे वकील प्रशांत भूषण के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट थॉमस की नियुक्ति रद्द करने का आदेश देकर उन्हें हटा सकता है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो उन्हें हटाने का एक मात्र तरीका उन पर महाभियोग चलाना होगा। संविधान की धारा १२४ (४) में सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के जजों को हटाने के लिए महाभियोग की प्रक्रिया का जिक्र है। किसी संवैधानिक पद पर काबिज शख्स को हटाने के लिए महाभियोग की प्रक्रिया अपनाने का प्रावधान संविधान में है। थॉमस की सीवीसी के तौर पर नियुक्ति को चुनौती देने वाली जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में आखिरी फैसले के लिए अगले साल २७ जनवरी की तारीख तय की है, लेकिन पीजे थॉमस ऐसे समय केंद्र सरकार के गले की फांस बन चुके हैं जब कांग्रेसनीत यूपीए सरकार पहले ही भ्रष्टाचार और घोटालों के मुद्दे पर विपक्ष की एकजुटता से घिरी हुई है।

रविवार, 5 दिसंबर 2010

संसद में गतिरोध बनाम जेपीसी!

विपक्ष पर कोई भी दांव खोल सकती है सरकार
ओ.पी. पाल
बहुचर्चित 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले पर आखिर कांग्रेसनीत सरकार संयुक्त संसदीय समिति का गठन नहीं करेगी? इस सवाल का जवाब यही है कि संसद में पिछला इतिहास इस बात का गवाह रहा कि बोफोर्स कांड पर 45 दिनों तक ठप रही संसद की कार्यवाही के बावजूद विपक्ष के शोर शराबे के बाद ही ना..ना.. करते सत्तारूढ़ सरकार जेपीसी गठित करने पर राजी हुई थी। बोफोर्स कांड ही नहीं ऐसे कई मामले रहे, जिसमें जेपीसी का गठन करना पड़ा, लेकिन संसद के शीतकालीन सत्र के पहले 16 दिन की दोनों सदनों में ठप रही कार्यवाही को सुचारू करने के लिए यूपीए सरकार कौन सा दांव खोलती है इसी का पूरे देश को इंतजार है।
संसद के शीतकालीन सत्र शुरू होने से यूपीए सरकार जानती थी कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले, आदर्श सोसायटी तथा राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्ष उसे घेरने की तैयारी कर चुका है। विपक्ष ने इस हमले से बचने के लिए संसद के शीतकालीन सत्र शुरू होने के बाद 2जी स्पेक्ट्रम पर कैग की रिपोर्ट में खुलासे पर गंभीर सरकार ने केंद्रीय संचार मंत्री ए. राजा से इस्तीफा ले लिया था, लेकिन इतने पर ही विपक्ष संतुष्ट नहीं था, जिसमें संयुक्त संसदीय समिति का गठन करने की मांग पर समूचा विपक्ष ऐसा एकजुट हुआ कि कांगे्रसनीत यूपीए सरकार के सभी दांव विपक्ष की एकता को तोड़ने में विफल साबित हो रहे हैं। जहां तक विपक्ष की जेपीसी की मांग है उसे देश की जनता को भी समर्थन मिल रहा है जिसमें पौने दो लाख करोड़ रुपये के घपले का सवाल है। इसलिए विपक्ष को भी बल मिला हुआ है। जेपीसी की मांग को लेकर प्रमुख विपक्षी दल के साथ एकजुट अन्य दल को भी इस बात का भय है कि यदि वे पीछे हटे तो उनके दल की राजनीति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा जो बिहार के विधानसभा चुनाव के नतीजों से जाहिर हो चुका है। यूपीए सरकार द्वारा जेपीसी के गठन से इंकार करने का अडियल रवैया भी विपक्ष के पक्ष में जा रहा है। यह यूपीए भी समझ रहा है जिसके लिए कई सर्वदलीय बैठक बुलाकर सरकार ने बीच का रास्ता निकालने का भी प्रयास किया। राजनीतिकार मानते हैं कि विपक्ष की एकता को तोड़ने के लिए यूपीए सरकार सदन में जिस प्रकार शोरशराबे में कुछ काम कराने का प्रयास कर रही है वह इस समस्या का हल नहीं है और ऐसे में सदन में विपक्ष के कोई मायने नहीं होते। राजनीतिक विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि संसद में कई ऐसे मामले उठे जिनके लिए जेपीसी की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के बाद ही सरकार जेपीसी बनाने पर मजबूर हुई है और उन पिछले मामलों की अपेक्षा 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला अत्यंत महत्वपूर्ण है। संसद के मौजूदा सत्र में जेपीसी की मांग को लेकर 16 दिन की कार्यवाही ठप रही है और अभी शीतकालीन सत्र 13 दिसांर तक चलना है, लेकिन विपक्ष के जेपीसी की मांग पर अड़िग होने के मुकाबले यूपीए सरकार भी जेपीसी के गठन न करने की जिद पर अड़ी हुई है। जिस तरह का सत्तारूढ़ सरकार और विपक्ष की एकजुटता के बीच घमासान चल रहा है उसे देखते हुए नहीं लगता कि संसद के सदन अगले दिनों में भी कार्यवाही के लिए शांत रहेंगे? और यह कहना तो उचित नहीं होगा कि इस हंगामे से संसद की बाधित कार्यवाही के मामले में पिछले इतिहास को दोहराएगी, क्योंकि पिछला इतिहास तो इसी बात का गवाह है कि शोर शराबे के बाद सरकार जेपीसी का गठन करने पर मजबूर हुई है। जहां तक संसद में जेपीसी पर शोर शराबे का सवाल है उसमें सासे ज्यादा दिन 45 दिनों तक बोफोर्स घोटाला मामले में चले शोर शराबे और व्यवधान के बाद सरकार ने जेपीसी की घोषणा की थी। इसी प्रकार हर्षद मेहता से जुड़े प्रतिभूति एवं बैंक घोटाला मामले में जेपीसी की मांग को लेकर 17 दिन तक संसद की कार्यवाही बाधित रही, तो केतन पारिख से जुड़े शेयर घोटाला मामले में जेपीसी की मांग पर 15 दिन तक संसद की कार्यवाही बाधित होने के बाद जेपीसी बनानी पड़ी है। जेपीसी को लेकर ठप संसद के ठप रहने के इतिहास में और भी कई पृष्ठ हैं जिनमें तत्कालीन संचार मंत्री सुखराम के मामले में एक पखवाड़े से ज्यादा दिन तक संसद की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे की भेट चढ़े हैं। इन सभी मामलों में शोर शराबे के बाद सरकार को जेपीसी का गठन करना पड़ा है, लेकिन मौजूदा संसद सत्र में यूपीए सरकार का नेतृत्व कर रही कांग्रेस पार्टी केवल विपक्ष से संसद चलने की अपील कर रही है या फिर वह विपक्ष की एकता को तोड़ने के दांव तलाश रही है। अब देखना है कि अगले दिनों में कांग्रेसनीत यूपीए विपक्ष के खिलाफ कौन सा दांव खोलती है या फिर जेपीसी का गठन करने को तैयार होती है?

शनिवार, 4 दिसंबर 2010

सीबीआई वेबसाइट की सुरक्षा पर खड़े सवाल!

भारत की 270 वेबसाइट हैक कर चुके हैं पाकिस्तानी हैकर
ओ.पी. पाल
दुनिया में वेबसाइट हैकरों के हमलों में भारत की सबसे सुरक्षित माने जाने वाली केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की वेबसाइट भी हैक कर ली गई। हैक करने वाले पाकिस्तानी सायबर आर्मी ने उल्टे भारतीय सायबर आर्मी को चेतावनी तक दे डाली। सीबीआई की वेबसाइट का हैक होना उसकी सुरक्षा प्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े करता है जो 24 घंटे अंतरराष्ट्रीय पुलिस एजेंसी इंटरपोल से जुड़ी रहती है। भारत की सीबीआई समेत 270 वेबसाइट हैक करके पाकिस्तान ने अपना नापाक चेहरा एक बार फिर से जाहिर कर दिया है।
अमेरिका की विदेश नीति को हैक करने वाली विकिलिक्स के खुलासे ने दुनिया में हलचल मचा रखी है, लेकिन भारत में 24 घंटे अंतर्राष्ट्रीय पुलिस एजेंसी इंटरपोल से जुड़ी रहने वाली जिस सीबीआई की वेबसाइट को अत्यंत सुरक्षित माना जाता था उसे भी हैकिंग का शिकार होना पड़ा, जिसके कारण सीबीआई की वेबसाइट की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। भारत की सर्वोच्च जांच एजेंसी के रूप में पहचानी जाने वाली सीबीआई वेबसाइट के पहले पन्ने को शुक्रवार यानि 3/4 दिसंबर की रात्रि को पाकिस्तान सायबर आर्मी ने घुसपैठ करके हैक तो कर ही लिया, बल्कि हैकरों ने उस पर संदेश लिखकर भारतीय सायबर आर्मी को चेतावनी तक दे डाली कि भविष्य में उनकी यानि पाक की वेबसाइट पर हमला नहीं बोला जाना चाहिए। सीबीआई की साइट हैक कर उस पर 'पाकिस्तान साइबर आर्मी' (पीसीए) की ओर 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे तक लिखे हुए पाए गए। वहीं लिखा पाया गया कि यह पाकिस्तानी साइट हैक करने का नतीजा है। हैकरों ने कहा कि वे पहले ही कह चुके हैं कि हम सो रहे हैं मरे नहीं हैं। दूर रहो नहीं तो परेशान होंगे। यह दावा किया गया है कि पीसीए भारत की हरेक वेबसाइट हैक करने की ताकत रखता है। हम इसका लोकल सर्वर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं। हम तुम्हारे 31 हजार 337 हैकर्स को कहना चाहते हैं तुम बच्चे हो, जाओ कुछ और किताबें पढो।
चेतावनी देने वाली पाकिस्तान की सायबर आर्मी का भारतीय सायबर आर्मी पर यह भी आरोप लगाया है कि उसने पाकिस्तान की कई वेबसाइट को अपना निशाना बनाया है। हैकरों ने अपने संदेश में उन फिल्टर कंट्रोल के बारे भी लिखा है जिन्हें एनआईसी मुहैया कराती है। देश भर के कंप्यूटर सर्वरों का नियंत्रण एनआईसी के हाथों में है। खुफिया एजेंसियां काफी समय से सरकार को चेतावनी देती रही हैं कि भारत के अधिकतर कार्यालयों में सायबर सुरक्षा के प्रति ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिससे खतरा पैदा हो रहा है। पाकिस्तान सायबर आर्मी ने अन्य वेबसाइटों को भी हैक करने की धमकी दी है। ऐसे में खुफिया एजेंसियों ने सरकार को आगाह किया है कि सरकारी दफ्तरों में उचित साइबर सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई तो हैकर भारत की अन्य महत्वपूर्ण दूसरी वेबसाइटों में भी गड़बड़ी कर सकते हैं। सीबीआई की खुद की वेबसाइट हैक हो जाना सीबीआई के खासी शर्मिंदगी के सबब से कम नहीं है यानि वेबसाइट के होम पेज पर पाकिस्तानी साइबर आर्मी की तरफ से चेतावनी भरे एक संदेश लिखकर पाकिस्तानी हैकरों ने सीबीआई की वेबसाइट को हैक कर भारत की साइबर सुरक्षा की कलई भी खोल दी है, जिसे सबसे सुरक्षित वेबसाइटों में से एक माना जाता है। एनआईसी देशभर में कंप्यूटर सर्वरों को नियंत्रित करती है। पाकिस्तान की इस हरकत के बाद हालांकि प्रेस सूचना अधिकारी ने बताया कि सीबीआई को इस बात की जानकारी है कि उसकी वेबसाइट को हैक कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार सीबीआई की वेबसाइट बंद हुई और पकिस्तान सायबर आर्मी के लोग होने की बात कहते हुए कुछ लोगो ने इस वेबसाइट को हैक करने का दावा किया तो भारतीय जांच एजेंसी हरकत में आई और सीबीआई के क्राइम सेल ने कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ सूचना तकनीकी कानून की कई धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। यह भी बताया गया है कि पाकिस्तान की इस हरकत में सीबीआई की ही नहीं, बल्कि भारत की अभी तक 270 प्रमुख वेबसाइट हैक की है जिससे पाकिस्तान का नापाक चेहरा भी सामने आ गया है।

शुक्रवार, 3 दिसंबर 2010

विपक्षी एकता तोड़ने के प्रयास में सरकार!

2जी स्पेक्ट्रम पर नहीं थम रहा गतिरोध
ओ.पी. पाल
देश में 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले पर सतारूढ़ और विपक्ष के बीच गतिरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिसके कारण 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति के गठन की मांग पर अड़िग विपक्ष का लोकसभा और राज्यसभा में हंगामा बरकरार रहा। हालांकि विपक्ष के शोरशराबे में सरकार जरूरी दस्तावेज तथा कुछ महत्वपूर्ण विधेयकों को बिना चर्चा के ही पारित कराकर विपक्ष की एकता को तोड़ने के फार्मूले का अपना रही है।
संसद के शीतकालीन सत्र में शुक्रवार को 16वें दिन की बैठक भी 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले पर जेपीसी के गठन की मांग को लेकर दोनों सदनो में विपक्ष ने हंगामा करके सदन की कार्यवाही को ठप कराने का काम किया, लेकिन पिछले मंगलवार को सर्वदलीय बैठक के बेनतीजा समाप्त होने पर कांग्रेसनीत यूपीए सरकार ने विपक्ष की एकता बिखरने के तोड़ में एक ऐसा फार्मूला अपनाना शुरू कर दिया कि विपक्षी दलों के शोर शराबे के बीच ही जहां आवश्यक दस्तावेजों को पटल पर रखवा दिया जाता है, वहीं हंगामे और नारेबाजी के शोरशराबे में सरकार ने कुछ जरूरी विधेयकों को पेश कराकर उन्हें बिना चर्चा के ही पारित कराना शुरू करा दिया है। शुक्रवार को भी दोनों सदनों में ऐसे ही कई बिलों को सरकार पेश कराने में सफल रही। सूत्र तो यहां तक कह रहे हैं कि जिस प्रकार सरकार ने महंगाई पर विपक्ष की एकता तो तोड़ा था उसी तरह विपक्ष को बिखरने के प्रयास में सरकार लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पेश कर सकती है। इसका कारण है कि महिला आरक्षण बिल पर पहले से ही विपक्ष बंटा हुआ है, जिसमें सपा, राजद, बसपा और कुछ अन्य दल महिला आरक्षण के मुद्दे पर अलग मत रखते हैं। महिला आरक्षण पर विपक्ष का बिखराव गत 9 मार्च को राज्यसभा में महिला आरक्षण बिल के पारित होने के समय दिख चुका था। यह तो तय है कि सरकार संसद के शीतकालीन सत्र का सत्रावसन 13 दिसंबर से पहले नहीं करेगी, क्योंकि दोनों सदनों में विपक्ष के शोरशराबे के दौरान ही संसदीय कार्यमंत्री ने संसद के अगले सप्ताह होने वाले कार्यो की सूची जारी कर दी है। इसके विपरीत जेपीसी को लेकर प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के साथ समूचा विपक्ष का दावा है कि जब तक 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए जेपीसी का गठन नहीं होता उनकी सरकार से लड़ाई जारी रहेगी। शोरशराबे के बीच बिलों को पारित कराने पर विपक्ष का कहना है कि सरकार इस तरह से बिना चर्चा के बिल पारित कराकर विपक्ष की एकता को तोड़ने का प्रयास कर रही है, लेकिन इस मुद्दे पर विपक्ष की एकता मजबूत है और विपक्ष जनता की आवाज को सदन में उठा रहा है, लेकिन यूपीए सरकार अडयल रवैया अपना रही है।
16वें दिन भी हंगामा
संसद में शुक्रवार को लोकसभा में लोस अध्यक्ष श्रीमती मीरा कुमार ने सभापीठ पर बैठते ही भोपाल गैस त्रासदी की 26वीं वर्षगांठ पर श्रद्धांजलि दी तो उस समय विपक्षी दल शांत रहा और भोपाल गैस त्रासदी में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि भी दी, लेकिन जैसे ही प्रश्नकाल शुरू होना था तो उससे पहले ही हर रोज की तरह शुक्रवार को विपक्ष जेपीसी की मांग करता हुए सदन के बीचों बीच आ गया और शोर मचाने लगा। इस शोरशराबे की स्थिति में मीरा कुमार के पास लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था और सदन की कार्यवाही को दोपहर बारह बजे तक स्थगित कर दिया गया। यही स्थिति राज्यसभा में रही। जहां राज्यसभा के सभापति हामिद अंसारी ने जैसे ही पहला प्रश्न लिया, विपक्ष जेपीसी की मांग करता हुआ नारे लगाने लगा। 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले पर विपक्ष को मनाने की सरकार की अब तक की कोशिश नाकाम रही है और मंगलवार को सभी पार्टियों की बैठक का कोई नतीजा नहीं निकल सका था।