बुधवार, 12 जनवरी 2011

अप्रवासी भारतीयों में भी नजर आई टीस

प्रवासी सम्मेलन भी भ्रष्टाचार के मुद्दे से अछूता नहीं
ओ.पी. पाल
भारतीय प्रवासी दिवस सम्मेलन के जरिए जहां सरकार देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की कवायद करते हुए अप्रवासियों से देश में अधिक से अधिक निवेश करने पर जोर दे रही है, वहीं देश में भ्रष्टाचार और घोटालों के चलते अप्रवासी भारतीय सतर्कता बरतने का प्रयास कर रहे है। यही कारण है कि प्रवासी सम्मेलन भी भ्रष्टाचार और घोटाले के मुद्दे से अछूता नहीं रहा और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने स्वयं ही यह कहकर प्रवासियों की शंका को दूर करने का प्रयास किया है कि सरकार प्रशासनिक प्रक्रिया में और अधिक पारदर्शिता तथा निगरानी सुनिश्चित करने के लिए अनेक उपाय करके बदलाव लाने के लिए कटिबद्ध है।प्रवासी भारतीयों की देश के बुनियादी ढांचे और विकास में भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक वर्ष यहां आयोजित प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलनों में उन्हें अधिक से अधिक निवेश करने का पास फेंका जाता है, लेकिन पिछले सालों में देश में खासकर 2जी स्पेक्ट्रम, राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन और आदर्श सोसायटी में भ्रष्टाचार और घोटालों ने देश की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिस प्रकार छवि को कलकित किया है उससे विदेशों में रह रहे भारतवंशी भी पूरी तरह सहमे हुए लगते हैं। प्रवासी भारतीयों की इसी शंका को भांपते हुए शायद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने संबोधन में घोटालों और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर इशारे ही इशारे में इंगित करते हुए सम्मेलन में दुनियाभर के विभिन्न देशों से आए डेढ़ हजार से ज्यादा अप्रवासी भारतीयों को यह विभिन्न घोटालों की आलोचना करते हुए यह भरोसा दिलाया है कि सरकार प्रशासनिक प्रक्रिया में और अधिक पारदर्शिता तथा निगरानी सुनिश्चित करने के लिए चरणबद्ध तरीके से बदलाव लाने के प्रयास कर रही है। भारतीय लोकतंत्र और प्रणालियों मजबूत एवं जीवंत करार देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके समाधान तथा सुधार के लिए उनकी अपनी प्रक्रियाएं जिनके दूरगामी परिवर्तनों के लिए आम सहमति बनाने की जरूरत है जो प्रशासन और हमारे विधि एवं निर्वाचन तंत्रों में आवश्यक हो सकते हैं। उन्होंने देश की प्रगति के बारे में भारत वंशियों को यह भी अवगत कराया कि आर्थिक मंदी से उबरने में वैश्विक परिदृश्य की अनिश्चितता के बावजूद देश में प्रगति हो रही है और अगले साल वृद्धि दर नौ से दस फीसदी रहने का अनुमान है। हर साल की तरह केंद्र सरकार के अलावा राज्य सरकार भी प्रवासियों को अपने-अपने राज्यों में निवेश की असीम संभावनाएं बताते हुए उनसे निवेश की अपील करते हैं, लेकिन सवाल है कि भ्रष्टाचार और घोटालों के भय से इन भारतवंशियों की सुरक्षा की गारंटी की शंका का बुनियादी समाधान कैसे होगा? यही शंका खासकर प्रवासी कारोबारियों के मन को कौंधती नजर आ रही है। हालांकि कुछ अप्रवासी भारतीयों ने अपनी मातृभूमि से लगाव की बात कहते हुए देश में सभी क्षेत्रों में सुधार की जरूरत पर बल दिया।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सोनिया गंभीर!

विवेकाधीन अधिकारों को त्यागें केंद्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री
ओ.पी. पाल
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भ्रष्टाचार को लेकर पार्टी की हो रही फजीहत से बाहर निकलने के लिए इतनी गंभीर हैं कि उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्य मंत्रियों से विवेकाधीन अधिकारों को त्यागने के लिए फरमान जारी करके उन्हें भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस के अभियान को तेज करने के निर्देश दिये हैं।कांग्रेस महासचिवों की शनिवार को हुई बैठक में कांग्रेस प्रमुख सोनिया ने उन्हें भ्रष्टाचार के मुद्दे पर राजग के खिलाफ प्रखंड स्तर पर अभियान चलाने के लिए तैयारियां शुरू करने का निर्देश दिया। पार्टी महासचिवों के साथ करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक चली इस बैठक में सोनिया ने उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि राज्यों में कांग्रेसजनों द्वारा सादगी और मितव्ययता का निश्चित रूप से पालन किया जाए। बैठक में सोनिया ने विभिन्न राज्यों के प्रभारी महासचिवों को यह भी निर्देश दिया कि जिन राज्यों में पार्टी की सरकार है, वहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के लिए वे कदम उठाएं। इसके अलावा जहां कांग्रेस विपक्ष में है, वहां कांग्रेस विधायक दल और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बीच बेहतर तालमेल कायम करने के लिए भी उपाय किए जाएं। सोनिया ने जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं वहां चुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने पार्टी का चिंतन शिविर आयोजित करने की योजना के बारे में भी चर्चा की। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में सोनिया ने अपने महासचिवों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि राज्यों में आयोजित होने वाले पार्टी के कार्यक्रमों में सादगी की मिसाल कायम करें, ताकि सरकार में बैठे पार्टी नेताओं के जीवन में सादगी की झलक पैदा हो सके। उन्होंने महासचिवों से केंद्र की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर नजर रखने के लिए राज्यों में निगरानी समिति गठित करने के लिए काम शुरू करने को भी कहा है। हालांकि केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्य मंत्रियों को सोनिया ने गत 19 दिसंबर को पार्टी महाधिवेशन में ही इस आशय के पत्र वितरित करा दिये थे, जिसमें भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए सोनिया गांधी ने चार सूत्री कार्य योजना को रेखांकित किया था। सोनिया ने कहा कि इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि सभी विवेकाधीन अधिकारों और खासकर भूमि आवंटन के अधिकारों से भ्रष्टाचार पनपता है। सोनिया चाहती हैं कि सभी कांग्रेसी मुख्यमंत्री और केंद्र तथा राज्यों में मंत्री अधिकारों की समीक्षा कर और उन्हें त्यागकर उदाहरण पेश किया जाये। कांग्रेस के पिछले महीने सम्पन्न हुए महाधिवेशन में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रदेश स्तर पर समन्वय समिति और निगरानी समिति गठित करने, जनता को संप्रग सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराने और भाजपा के दोहरे मापदंडों को बेनकाब करने के लिए देशव्यापी जनजागरण अभियान चलाने की भी घोषणा की थी और कहा था कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक सभा आयोजित की जानी चाहिए। उन्होंने हरेक प्रदेश कांग्रेस कमेटी से साल में कम से कम एक बार प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित करने के लिए भी कहा था। गौरतलब है कि कांग्रेस महाधिवेशन में ही पार्टी के युवा नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं की जवाबदेही को जरूरी बताया था ताकि भ्रष्ट लोगों को कड़ी सजा मिलना सुनिश्चित किया जा सके। सूत्रों ने बताया कि सोनिया गाँधी महाधिवेशन में तय किए गए कार्यक्रमों को लागू करने को लेकर काफी गंभीर हैं और चाहती हैं कि इन कार्यक्रमों की समीक्षा समय-समय पर होती रहे।

बुधवार, 5 जनवरी 2011

श्रीकृष्ण रिपोर्ट पर चर्चा से पहले गरमाई राजनीति

तेलंगाना मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक
ओ.पी. पाल
आंध्र प्रदेश मे पृथक राज्य के रूप में तेलंगाना के गठन के लिए गृह मंत्रालय को सौँपी गई श्रीकृष्णा रिपोर्ट पर विचारकरने के लिए गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है, लेकिन इस बैठक से पहले ही आंध्र प्रदेश में राजनीति गर्माने लगी है, जिसमें तेलंगाना राष्ट्र समिति और भारतीय जनता पार्टी ने हिस्सा न लेने का निर्णय लिया तो वहीं बुधवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।
आंध्र प्रदेश का विभाजन कर अलग तेलंगाना राज्य के गठन के विभिन्न पहलुओं पर रोशनी डालने वाली जस्टिस श्रीकृष्ण कमेटी की रिपोर्ट पर चर्चा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने गुरुवार को नई दिल्ली में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इस बैठक में तेलंगाना मुद्दे पर गठित श्रीकृष्णा समिति की रिपोर्ट की सिफारिशों का खुलासा किया जाएगा तथा चिंदबरम इस संबंध में सभी राजनीतिक दलों का समर्थन हासिल करने की कोशिश करेंगे। लेकिन तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और भाजपा पहले ही इस बैठक में हिस्सा न लेने का ऐलान कर चुकी हैं। यहां तक हुआ कि टीआरएस ने बैठक में हिस्सा लेने के लिए चिदंबरम की तरफ से की गई ताजा अपील को भी खारिज कर दिया है। सूत्रों के अनुसार चिदंबरम ने दूसरा पत्र भेजा, लेकिन टीआरएस का कहना है कि उन्होंने हमारी इन आपत्तियों का जवाब नहीं दिया है कि एक ही पार्टी को अलग अलग राय नहीं देनी चाहिए। चिदंबरम ने पत्र में कहा है कि पांच पार्टियों ने पिछले साल जनवरी में इसी तरह की एक बैठक में एक जैसी राय दी थी, लेकिन विवाद इस बात पर है कि तीन पार्टियों ने अलग अलग राय रखी। चिदंबरम ने इस बैठक में आंध्र प्रदेश की आठ मान्यता प्राप्त पार्टियों को आमंत्रित किया है जिसका टीआरएस इसलिए बहिष्कार कर रही है कि केंद्र सरकार जानबूझ कर पार्टियों में अलग अलग सुझावों को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है क्योंकि सभी पार्टियों से दो प्रतिनिधि बुलाए गए हैं। टीआरएस की मांग है कि केंद्र सरकार बजट सत्र में एक विधेयक पेश कर अलग तेलंगाना राज्य बनाने का मार्ग प्रशस्त करे, भले श्रीकृष्ण कमेटी की सिफारिशें कुछ भी हों। दूसरी ओर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. किरन कुमार रेड्डी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। समझा जाता है कि इस बैठक के दौरान राज्य में तेलंगाना राज्य की मांग से पैदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई। रेड्डी सर्वदलीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए बुधवार को ही दिल्ली पहुंच गए हैं। तेलंगाना के मुद्दे पर समूचेआंध्र प्रदेश को बेसब्री से श्रीकृष्ण कमेटी की रिपोर्ट की सिफारिशों के खुलासे का इंतजार है। इसमें संयुक्त आंध्र प्रदेश या फिर विभाजन कर अलग तेलंगाना राज्य बनाने से जुड़े पहुलओं का विस्तार से विश्लेषण किया गया है। पिछले साल जब केंद्र सरकार ने इस मुद्दे सभी पार्टियों से सलाह मशविरा करने का फैसला किया तो तेलंगाना क्षेत्र में हिंसा भड़क उठी थी। बैठक में आंध्रप्रदेश के आठ मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों कांग्रेस, तेलगु देशम पार्टी, तेलंगाना राष्ट्र समिति, मजलिसे इत्तहादुल मुसलिमीन, प्रजा राज्यम पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को आमंत्रित किया गया है, जिसमें हर दल के दो-दो सदस्य शामिल होंगे।

गरीब मंत्रियों की मनमोहन सरकार

पांच अमीर हुए तो 32 केंद्रीय मंत्रियों पर पड़ी गरीबी की मार
ओ.पी. पाल
देश में जिस प्रकार भ्रष्टाचार और घोटालों ने यूपीए सरकार के सामने समस्या पैदा कर रखी है और माना जा रहा है कि केंद्र सरकार में मंत्रियों की सम्पत्ति में बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन यह आकलन एकदम उलट है जब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निर्देश पर केंद्रीय मंत्रियों ने अपनी संपत्ति की घोषणा की तो ऐसे चौंकाने वाले तथ्य सामने आए कि अमीर होने के बजाए केंद्रीय मंत्रिमंडल के ज्यादातर सदस्य गरीब होते जा रहे हैँ?मनमोहन सरकार के कैबिनेट मंत्रियों ने वर्ष 2010 में अपनी संपत्ति की घोषणा की तो हर कोई चौंक रहा है जिसमें करीब 32 केंद्रीय मंत्रियों के ऊपर गरीबी मंडराती नजर आई यानि वर्ष 2009 के मुकाबले उनकी आय में कमी आई है। जबकि भ्रष्टाचार और घोटालों से घिरी यूपीए सरकार के प्रति ऐसी चर्चाए आम हैं कि केंद्रीय मंत्री लगातार अमीर हो रहे हैं। पीएमओ के निर्देश पर अपनी सम्पत्ति को सार्वजनिक करने वाले केंद्रीय मंत्रियों पर भी सवाल उठने लगे हैँ कि उनकी आय में कमी कैसे हो सकती है? पीएमओ द्वारा गत 31 मार्च, 2010 को खत्म हुए वित्त वर्ष तक मंत्रियों द्वारा अपनी संपत्ति के दिये गये ब्यौरे को सार्वजनिक किया है। इस ब्यौरे के अनुसार सत्ता संभालने के सालभर के भीतर ही 32 में से 20 कैबिनेट मंत्रियों की संपत्ति में गिरावट आई है यानि उनकी आय कम हुई। इन 20 मंत्रियों ने इस अवधि में पिछले साल की अपेक्षा 62 करोड़ रुपए की संपत्ति गंवाई है। जबकि पांच मंत्री अमीर होते नजर आए जिनमें संसदीय कार्य मंत्री पवन कुमार बंसल की संपत्ति व आय में तेजी से बढ़ोतरी हुई। इनके अलावा एक साल में अमीर होने वाले केंद्रीय मंत्रियों में सामाजिक न्याय मंत्री मुकुल वासनिक, स्वास्थ्य मंत्री गुलामनबी आजाद, रेल मंत्री ममता बनर्जी और रक्षा मंत्री एके एंटनी की भी संपत्ति सालभर में बढ़ी है। जबकि पांच मंत्रियों मुरली देवड़ा, एमएस गिल, जीके वासन, आनंद शर्मा और अंबिका सोनी सने अपनी संपत्ति और आय का ब्यौरा पीएमओ को मिला ही नहीं। पीएमओ के अनुसार शहरी विकास मंत्री एस जयपाल रेड्डी की संपत्ति की सूची में सिर्फ दायित्वों का जिक्र किया है। जिन मंत्रियों की संपत्ति व आय में कमी आई है उनमें वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी अपनी संपत्ति में एक करोड़ रुपये की गिरावट आई है। इनसे कहीं ज्यादा पांच करोड़ रुपये की संपत्ति गंवाने वालों में मानव संसाधन, विज्ञान और टेक्नालॉजी, अर्थ साइंस और टेलीकॉम जैसे दमदार विभाग संभालने वाले कपिल सिब्बल शामिल है। वित्त मंत्री रह चुके गृहमंत्री पी. चिदंबरम को गरीबी ने कहीं ज्यादा जकड़ लिया है जिनकी संपत्ति व आय में एक साल में को गृह मंत्री के रूप में शायद ज्यादा काम करना पड़ रहा है। इसी वजह से सालभर में उनकी संपत्ति में सोलह करोड़ रुपए से ज्यादा की कमी दर्शाई गई है। अन्य जिन केंद्रीय मंत्रियों की संपत्ति व आय में कमी आई है उनमें विदेश मंत्री एसएम कृष्णा, विधि मंत्री वीरप्पा मोइली, भूतल परिवहन मंत्री कमलनाथ, नवीन और अक्षय ऊर्जा मंत्री फारुख अब्दुल्ला, स्टील मंत्री वीरभद्र सिंह, भारी उद्योग मंत्री विलासराव देशमुख, रसायन और उर्वरक मंत्री एमके अझागिरी, कृषि मंत्री शरद पवार, कपड़ा मंत्री दयानिधि मारन, ग्रामीण विकास मंत्री सीपी जोशी, पर्यटन मंत्री कुमारी सैलजा, बिजली मंत्री सुशील कुमार शिंदे, रोजगार और श्रम मंत्री मल्लिकाजरुन खड़गे, प्रवासी मामलों के मंत्री वायलार रवि, जनजातीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, के अलावा बीके हांडिक और सुबोधकांत सहाय शामिल है। पीएमओ के इस खुलासे ने गरीबी दिशा में जाते मंत्रियों के आंकड़ों पर भी सवालिया निशान लगा रहे है?

मंगलवार, 4 जनवरी 2011

सुरेश कलमाड़ी पर सीबीआई का शिकंजा

सबूत नष्ट करने संबन्धी मुकदमा दर्ज करने की तैयारी
ओ.पी. पाल
सीबीआई द्वारा राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों के दौरान हुए घोटाले की जाँच में कांग्रेस सांसद सुरेश कलमाड़ी की मुश्किलें बढ़ने लगी है, जिसमें सीबीआई छापों के दौरान आयोजन समिति के कार्यालय से गायब पाये गये जरूरी दस्तावेजों और फाइलों को लेकर जांच एजेंसी गंभीर है और सबूत नष्ट करने संबन्धी मामलों मे शीघ्र ही आयोजन समिति अध्यक्ष और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है। राष्ट्रमंडल खेलों में हुए आर्थिक घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने पिछले दिनों आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं कांग्रेस सांसद सुरेश कलमाडी के आवास और कार्यालयों समेत कई ठिकानों पर छापे मारे थे। इस कार्यवाही के दौरान आयोजन समिति के कार्यालय से राष्टÑमंडल खेलों से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें गायब पाई गई थी। सूत्रों के अनुसार सीबीआई गायब दस्तावेजों को सबूतों को नष्ट करने का अपराध मान रही है। जांच एजेंसी के सूत्रों के अनुसार आयोजन समिति के दफ्तर से गायब हुए अहम दस्तावेजों और फाइलों के मद्देनजर सीबीआई सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज करने पर विचार कर रही है। सीबीआई के एक अधिकारी का कहना है कि भारतीय दंड संहिता की धारा 201 के तहत एजेंसी सबूत नष्ट करने या उनमें हेराफेरी करने का मामला दर्ज कर सकती है। अधिकारी ने कहा कि इस मामले के हर पहलू का अध्ययन किया जा रहा है और इस पर जल्द ही कार्रवाई होगी। सीबीआई की जाँच में यह पता चला है कि आयोजन समिति द्वारा दिए गए ठेकों के निविदा संबंधी कागजात, विभिन्न मदों में किए गए बजट के आवंटन से संबंधित तथा खेल परिसरों और खेल गांव की साज-सज्जा से संबंधित दस्तावेज भी गायब पाये गये हैं। सूत्रों का कहना है कि अभी तक की सीबीआई की जाँच में यह बात सामने आई है कि आयोजन समिति के दफ्तर से कुछ कागजात जान-बूझकर गायब किए गए या नष्ट किए गए। सूत्रों का कहना है कि खेलों के आयोजन से पहले दिए गए ठेकों और कंपनियों से संबंधित दस्तावेज आयोजन समिति के दफ्तर में नहीं हैं। बताया जा रहा है कि सीबीआई की जाँच में यह बात सामने आई है कि आयोजन समिति के अध्यक्ष के इशारे पर दस्तावेजों और फाइलों को या तो नष्ट कर दिया गया या कहीं और स्थानांतरित कर दिया गया। इस सिलसिले में सीबीआई सुरेश कलमाडी के बेहद नजदीकी माने जाने वाले स्क्वॉश फेडरेशन आफ इंडिया के अध्यक्ष तथा रॉ के पूर्व अधिकारी वीके रत्नाकर राव की भूमिका की भी जाँच की जा रही है। राव राष्ट्रमंडल खेलों के सुरक्षा सलाहकार के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि राव के जरिए से कलमाडी ने कुछ महत्वपूर्ण कागजात अमेरिका के मिनेसोटा राज्य में रहने वाले एक रिश्तेदार के यहां भेज दिया है। पिछले दिनों कलमाडी के दिल्ली, पुणो तथा मुंबई स्थित आवासों पर की गई तलाशी के दौरान सीबीआई को कुछ ऐसे सबूत मिले हैं, जिनसे यह पता चलता है कि एक सोची-समझी साजिश के तहत राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन से संबंधित रिकॉर्ड हटाए गए।

रविवार, 2 जनवरी 2011

अवैध घुसपैठ कराने से बाज नहीं आ रहा पाक

परमाणु ठिकानों की सूचियों के आदान-प्रदान के मायने नहीं
ओ.पी. पाल
भारत और पाकिस्तान ने नए साल के मौके पर अपने परमाणु संस्थानों की सूची की अदला बदली की है तो भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की ओर से आतंकवादियों के एक दल की घुसपैठ की कोशिश को विफल करने का दावा किया है। विशेषज्ञों की माने तो ऐसे में इस संधि के तहत परमाणु संस्थानों की जानकारियों के आदान प्रदान के कोई मायने नहीं रखता, जब पाक की ओर से अवैध घुसपैठ करने की गतिविधियां जारी हों।
भारत और पाकिस्तान ने नए साल के मौके पर अपने परमाणु संस्थानों की सूची की जानकारी एक दूसरे को एक संधि के तहत दी है, लेकिन पाकिस्तान की नीयत हमेशा भारत के प्रति ऐसी संधियों का उल्लंघन करने की रही है। भारत-पाक संबन्धों के जानकार प्रो. कलीम बहादुर की माने तो पाकिस्तान की भारत के प्रति नीयत ठीक नहीं है, जो भारत के साथ दोस्ती का हाथ भी बढ़ाना चाहता है और दूसरी ओर भारत के खिलाफ आतंकवादी संगठनों के जरिए अशांति फैलाने की कोशिशों को भी हवा दे रहा है। जहां तक दोनों देशों के बीच परमाणु ठिकानों की सूचनाओं के आदान प्रदान करने का संबन्ध है वह दोनों देशों के बीच हुई संधि का एक हिस्सा है लेकिन इसमें पाक की नीयत को देखते हुए यह भी नहीं कहा जा सकता कि पाक की ओर से भारत को दी जाने वाली पाक के परमाणु ठिकानों की जानकारी सही हो? विशेषज्ञ मानते हैं कि चीन के साथ गठजोड़ करके पाक गुपचुप तरीके से अपने परमाणु ठिकानों का जो विस्तार कर रहा है उसके सामने इस संधि के कोई मायने नहीं है। नये साल पर परमाणु ठिकानों की जानकारियों का आदान प्रदान करने के दौरान दूसरी ओर पाक की हरकत सामने है। जिसमें जहां एक और दोनों देश परमाणु ठिकानों की सूची का आदान प्रदान कर रहे थे तो दूसरी ओर जम्मू और कश्मीर के पूंच जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की ओर से आतंकवादियों के एक दल द्वारा भारत में घुसपैठ करने की कोशिश की जा रही थी जिसे भारतीय सेना ने विफल करने का दावा किया है। भारतीय सेना ने कहा है कि जम्मू और कश्मीर के पुंछ जिले में बालाकोट सेक्टर में कांगड़ा गली इलाके में नियंत्रण रेखा पर गश्त के दौरान जवानों ने रात साढ़े नौ बजे उग्रपंथियों की गतिविधियां देखी। सैनिक जवानों ने आतंकवादियों को चुनौती दी और उन पर गोलियां चलाईं। सेना ने कहा है कि पाकिस्तानी पक्ष से भी गोलियां चलीं। दोनों ओर से एक घंटे तक गोलीबारी हुई। बाद में सैनिकों ने एक पाकिस्तानी गाइड को पकड़ लिया जिसकी शिनाख्त पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के केराले गांव के 50 वर्षीय मोहम्मद सगीर के रूप में हुई है। सेना ने कहा है कि सेना की इस कार्यवाही के बाद आतंकवादी भाग गए। इलाके में व्यापक खोज अभियान चलाया जा रहा है और पाकिस्तानी गाइड से पूछताछ की जा रही है। भारत और पाकिस्तान ने राजनयिक चैनल के जरिए नई दिल्ली और इस्लामाबाद में लगातार 20वीं बार अपने परमाणु संस्थानों की सूची एक दूसरे को दी। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सूचियों की अदला बदली परमाणु संस्थानों पर हमले पर रोक की संधि के तहत की गई है। 31 दिसंबर 1988 में हस्ताक्षरित यह संधि 27 जनवरी 1991 से प्रभावी हुई थी। इसके तहत दोनों देश हर साल के पहले दिन अपने परमाणु संस्थानों के बारे में दूसरे को बताते हैं। इस संधि को दोनों देशों के बीच भरोसा बनाने का सबसे महत्वपूर्ण कदम माना जाता है। पिछले सालों में पारस्परिक रिश्तों के बिगड़ने के बावजूद इस संधि को हमेशा पूरा किया गया है।

शनिवार, 1 जनवरी 2011

घोटालों से चर्चित रहा वर्ष 2010

अंतर्राष्ट्रीय  स्तर पर बढ़ती साख पर भी लगा बट्टा
ओ.पी. पाल
देश के लिए नई उम्मीदों को लेकर वर्ष 2011 शुरू हो गया है लेकिन बीता वर्ष 2010 कई बहुचर्चित घोटालों के कारण देश की छवि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी कलंकित कर गया, जिसमें एक करोड़ नहीं, बल्कि दो लाख करोड़ से भी ज्यादा वित्तीय घोटालों ने भारत की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती हुई साख पर बट्टा लगाने का काम किया है। चाहे राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में हुई अनियमितता या फिर 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाला अथवा आईपीएल तथा आदर्श सोसायटी घोटाला ही क्यों न हो, सभी में देश को नई पहचान के तौर पर कलंक ही मिला है। बहुचर्चित 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले में कैग की रिपोर्ट में सरकार को हुए 1.76 लाख करोड़ रुपये के खुलासे ने तो साबित कर दिया है कि यह आजाद भारत का सबसे बड़ा घोटाला है जिसने संसद में भी एक काला इतिहास लिख दिया जिसकी जांच के लिए विपक्ष की संयुक्त संसदीय समिति के गठन की मांग के सामने संसद का पूरा शीतकालीन सत्र ही बिना कामकाज के संपन्न हुआ है। पिछले दिनों ट्रांसपरेंसी इंटरनेशन की जारी एक रिपोर्ट वर्ष 2010 के दौरान चर्चा में आए घोटालों और भ्रष्टाचार के मामलों पर सटीक ही बैठते नजर आते हैं जिसमें दुनिया के सबसे भ्रष्ट देशों में भारत को नौंवे स्थान पर आंका गया है। इस रिपोर्ट में तो यहां तक कहा गया है कि बीते साल में 54 प्रतिशत भारतीयों ने अपना काम करवाने के लिए रिश्वत दी। इसी साल के दौरानं 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन, राष्ट्रमंडल खेल आयोजन घोटाला, आईपीएल, आदर्श सोसायटी घोटाले ने भारत की इस छवि को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कलंकित किया है। विशेषज्ञ तो मानते हैं कि बीते साल में इन सभी घोटालों में दो लाख करोड़ से भी ज्यादा वित्तीय घोटाला हुआ है। इतने बड़े आर्थिक घोटाले की राशि से तो भारत के विकास के पहिये देश की साख को नई पहचान देने के लिए पंख ही लगा देते, लेकिन नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की संसद में पेश की गई रिपोर्ट ने तो संचार क्रांति को ही दागदार साबित कर दिया। यानि 2जी स्पेक्ट्रम का आवंटन घोटाले में 1.76 लाख करोड़ रुपये के अनुमानित राजस्व के नुकसान से सरकार की मुश्किलें भी बढ़ी हैँ। भले ही इस घोटाले के चलते दूरसंचार मंत्री पद से ए. राजा को इस्तीफा देना पड़ा हो, लेकिन यह घोटाला संचार क्रांति के भविष्य पर भी सवाल खड़े कर गया है। रक्षा के क्षेत्र में भी आदर्श सोसायटी घोटाले ने एक कलंक लगा दिया जिसमें कारगिल के शहीदों को छला गया है, हालांकि इस मामले में महाराष्ट्र  के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी। देश की छवि इससे ज्यादा भला क्या खराब होगी, जब खेलों के खेल में भी भ्रष्टाचार और बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हों। देश को क्रिकेट मक्का बनाने की कवायद में आईपीएल का घोटाला हो या फिर अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के रूप में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी जिसमें भारत की फजीहत हुई है। आईपीएल के करीब 1500 करोड़ के घोेटाले में जहां प्रमुख ललित मोदी सामने आए हैं तो राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में करीब आठ करोड़ के घोटाले में आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी घोटालों की प्रमुख धुरी रहे। यही नहीं इस बीते साल में भ्रष्टाचार और घोटालों की जांच करने वाली संवैधानिक एजेंसियां भी सवालो के घेरे में सामने आई हैं जिसके कारण सीधे यूपीए सरकार कठघरे में खड़ी हुई है। मामला राष्ट्रमंडल खेलों में अनियमितताओं को उजाकर करने वाली केंद्रीय सतर्कता आयोग का है जिसके प्रमुख पद पर ऐसे व्यक्ति की नियुक्ति करके केंद्र सरकार स्वयं मुश्किल में फंसी हुई जो स्वयं भ्रष्टाचार के मामले में आरोपित रहा है। बीते साल में ही भारतीय चिकित्सा परिषद के चेयरमैन केतन देसाई और अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष बूटा सिंह के सुपुत्र भ्रष्टाचार के आरोप में पकड़े गये हैं। सीवीसी पद पर नियुक्त किये गये पीजे थॉमस पर सुप्रीम कोर्ट टिप्पणी कर चुका है। इसी प्रकार माने तो इसी साल के अंत में भारत की सबसे बड़ी जांच एजेंसी सीबीआई भी चर्चित आरुषी हत्याकांड की जांच में विफल होने पर आजकल चर्चाओं का केंद्र बनी हुई है।