शुक्रवार, 14 जनवरी 2011

एवरेस्ट फतह कर नया रिकार्ड बनायेगा नरेन्द्र

पांच साल पहले ही हासिल हो जाता गौरव....
ओ.पी. पाल
हरियाणा ने खेल के क्षेत्र में देश को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है और आने वाले समय में हरियाणा देश के लिए ऐसा पहला रिकार्ड बनाएगा जिसमें कुरुक्षेत्र के युवक नरेन्द्र सिंह के रूप में कोई भारतीय अकेले ही माउंट एवरेस्ट की चोटी पर तिरंगा लहराएगा। हालांकि हरियाणा देश के लिए यह गौरव पांच साल पहले ही हासिल कर सकता था यदि हरियाणा सरकार अंतिम क्षणों में अपने हाथ वापस न खिंचती? जी हां... आगामी मार्च में माउंट एवरेस्ट की चोटी को फतह करने जा रहे हरियाणा के लाल नरेन्द्र सिंह हरियाणा का नाम रोशन करने के लिए अत्यंत उत्साहित हैं जिसका नाम हिमालयन साइकिलिंग में राष्ट्रीय रिकार्ड बनाने पर लिमका बुक में भी नाम दर्ज है।हरियाणा की ऐतिहासिक भूमि कुरूक्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी बलबीर सिंह के 30 वर्षीय पुत्र नरेन्द्र सिंह भी देश के लिए पर्वतारोही संतोष यादव व ममता सौढ़ा के बाद ईको एवरेस्ट अभियान को फतेह करने के लिए पिछले दस साल से जी तोड़ मेहनत कर रहा है जो सहारा गु्रप में पर्वतारोहियों को प्रशिक्षण देने के लिए स्ट्रेक्टर के पद पर कार्यरत है। पर्वतारोही के रूप में अपना नाम एक नये रिकार्ड के रूप में दर्ज कराने सपना संजोय आगामी मार्च माह में नेपाल में शिविर में हिस्सा लेने के बाद माउंट एवरेस्ट की चोटी पर झंडा फहराने के लिए चढ़ाई शुरू करेगा, जिससे 15 मार्च को नई दिल्ली से कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा सौंप कर रवाना करेंगे। बातचीत ले दौरान इस साहसी युवक नरेन्द्र सिंह ने बताया कि इससे पहले वह वर्ष 2004 में श्रीनगर से नेपाल, भूटान होते हुए अरुणाचल प्रदेश में संपन्न हुई 5 हजार किमी की हिमालयन साईकिलिंग रेस को 40 दिन में पूरा करके अपना नाम लिमका बुक में दर्ज करा चुका है। इसके बाद वर्ष 2006 में उसे माउंट एवरेस्ट की चोटी फतेह करने का मौका मिला और हरियाणा की हुड्डा सरकार के आश्वासन के साथ सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थी, लेकिन नेपाल रवाना होने से मात्र छह दिन पूर्व ही हरियाणा सरकार ने खजाना खाली होने का हवाला देते हुए उसके सपने को तोड़ दिया, वरना अपने देश और हरियाणा के लिए यह गौरवशाली रिकार्ड तभी बन जाता। राज्य सरकार द्वारा आर्थिक सहायता से अपने हाथ वापस खींच लेने पर संभालखा (पानीपत) के समाजसेवी हवा सिंह छोकर ने उसका हौंसला बढ़ाया और इसके लिए हर सहायता देना शुरू किया, तो उसे फिर अपने अधूरे सपने को पूरा करने का मौका मिला और सभी तैयारियां पूरी हो गई है जिसके लिए उसका प्रशिक्षण चल रहा जिसमें उसे तीन बार एवरेस्ट की चोटी फतह कर चुके बीएसएफ के जवान नवराज के अलावा पर्वतारोही सतेन्द्र राणा उसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसके लिए जद-यू के लोकसभा सांसद कैप्टन जय नारायण प्रसाद निषाद ने नरेन्द्र सिंह के हौंसले को बढ़ाते हुए मंत्रालयों तथा अन्य कारपोरेट जगत को भी पत्र लिखे हैँ। इस संबन्ध में निषाद ने कहा कि एक अभियान में कम से कम 25 लाख रुपये का खर्च आता है, जिसको बढ़ावा देने के लिए अन्य खेलों की तरह केंद्र सरकार को नीति बनाने की जरूरत है और प्रायोजकों को भी आगे आकर एडवेंचर स्पोर्ट्स को प्रोत्साहन देना चाहिए। भारत के लिए पर्वतारोहण में एक नया रिकार्ड दर्ज कराने के लिए आत्मविश्वास के साथ नरेन्द्र सिंह का कहना है कि यह पहली बार होगा कि कोई भारतीय अकेले ही माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराएगा।

गुरुवार, 13 जनवरी 2011

महंगाई पर माथापच्ची भी बेअसर

खाद्य पदार्थो पर महंगाई डायन का कब्जा
ओ.पी. पाल
महंगाई के मुद्दे पर यूपीए में आपसी टकराव के सामने सरकार द्वारा महंगाई को काबू करने के लिए की जा रही माथापच्ची केबावजूद नहीं लगता कि महंगाई की मार से बेहाल देश की जनता को कोई राहत मिल जाएगी। सरकार महंगाई को नियंत्रण करने के लिए किसी तोड़ को नहीं तलाश पाई है, शायद यही कारण था कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में भी महंगाई पर कोई चर्चा नहीं हो पाई।दरअसल इन दिनों महंगाई अपने चरम पर है, जिसे रोकने के लिए पिछले तीन दिन से कांग्रेसनीत केंद्र सरकार लगातार माथापच्ची कर रही है, लेकिन यूपीए घटक के मंत्रियों में महंगाई को लेकर उजागर हो रहे तकरार ही शायद सरकार को किसी ठोस उपाय तक पहुंचने में बाधक बना हुआ है। गुरुवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में भी महंगाई के मुद्दे पर कोई चर्चा न होना उस संकेत को मजबूत कर रहा है कि यूपीए घटक दलों के मंत्रियों के बीच किसी भी ठोस तरीके पर आम सहमति नहीं बन पा रही है। राहुल गांधी के महंगाई पर कथित तौर पर आये बयान से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है तो प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को कोसने में कसर नहीं छोड़ रहे हैं। प्याज के दामों समेत सभी खाद्य पदार्थो के दामों में लगातार बेतहाशा बढो़तरी हो रही है और मनमोहन सरकार महंगाई डायन से छुटकारा पाने की जुगत में लगातार उपायों को तलाशने की गरज से माथापच्ची में व्यस्त है, लेकिन पिछले तीन दिन से लगातार केंद्र सरकार के मंत्रियों की अलग-अलग बैठकों में महंगाई पर काबू पाने के लिए सरकार किसी ठोस नतीजे पर पहुंचने में पूरी तरह विफल रही। इसका कारण साफ है कि कृषि मंत्री शरद पवार यूपीए घटक दल राकांपा प्रमुख हैं, जिन्हें महंगाई के लिए कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने तो कथिततौर पर जिम्मेदार ठहराया है, वहीं महंगाई के मुद्दे पर जब प्रधानमंत्री के आवास पर केंद्र के वरिष्ठ मंत्रियों की बैठक के दौरान कृषि मंत्री शरद पवार तथा वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी के बीच हुए तकरार ने भी यही साबित किया है कि महंगाई को रोकने के लिए गठबंधन की यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्रियों की भी किसी उपाय पर आम सहमति नहीं बन पा रही है। हालांकि केंद्रीय मंत्रियों ने महंगाई का ठींकरा राज्यों के सिर फोड़ने के प्रयास में यह तो कहा कि यदि राज्य सरकारें जमाखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें महंगाई पर नियंत्रण पाया जा सकता है। यह भी कहा जा रहा है कि केंद्र सरकार राज्य सरकारों को जमाखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध करेगी। केंद्रीय मंत्रियों का मानना है प्याज समेत सब्जियों के आसमान छूते दामों पर तभी रोक लग सकती है जब राज्य सरकारें जमाखोरी व मंडी माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के लिए सख्ती दिखाये। केंद्र सरकार द्वारा महंगाई पर काबू पाने के उपाय तलाशने के लिए की जा रही कवायद के बावजूद बढ़ती कीमतों ने विपक्ष को आलोचना करने का मौका तो दे ही दिया, वहीं लगता है कि प्याज के आंसू रो रहे लोगों के लिए भी फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं नजर नहीं आ रही है। सरकार तो महंगाई पर काबू नहीं पा रही है, लेकिन प्याज ही नहीं बल्कि तेल, चीनी और खाद्य पदार्थो को महंगाई डायन ने अपने कब्जे में जरूर कर लिया है। कैबिनेट की बैठक से लोगों को उम्मीद थी कि सरकार महंगाई पर काबू करने के लिए किसी ठोस कदम का ऐलान करेगी लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। हालांकि प्रणव मुखर्जी लगातार सरकार के बचाव में महंगाई को काबू करने के लिए लगातार देश को भरोसा दिलाते नजर आ रहे हैं।

बुधवार, 12 जनवरी 2011

खुशी बांटना ही श्वेता का मकसद

ओ.पी. पाल
ऋषि मुनि, योगाचार्य और चिकित्सकों के अलावा वैज्ञानिको के शोध में ही नहीं, बल्कि वेदों में भी कहा गया है कि खुश रहने से तन-मन दोनों ही स्वच्छ और स्वस्थ रहते हैं और मानव की व्यवहार से भाग्य का भी निर्धारण होता है। दुनिया में खुशी बांटने के मकसद से हरियाणा की बेटी श्वेता सेठी शर्मा विदेश में प्रवासी होते हुए भी भारत से ही इस अभियान को शुरू करने का हौंसला बनाये हुए है, जिसका मानना है कि बच्चे से लेकर वृद्ध व्यक्ति और भिखारी से लेकर अमीरों तक खुशी बांटना उसका मकसद है।नौवें प्रवासी भारतीय दिवस के मौके पर हाल ही में संपन्न हुए सम्मेलन में हांगकांग से यहां हिस्सा लेने आई श्वेता सेठी शर्मा के विचारो सम्मेलन में सभी वर्गो और विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों तथा राजनीतिज्ञों ने भी स्वागत किया है। दुनिया में खुश रहने के लिए वह हर किसी को खुश रहने की सलाह देती है। श्वेता का मानना है कि खुश रहने से ही वैश्विक और निजी समस्याओं का समाधान संभव है। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जन्मी श्वेता सेठी शर्मा के माता-पिता उसके बचपनकाल में ही हरियाणा के गुड़गांव में आकर बस गये, जहां श्वेता सेठी ने आर्मी पब्लिक स्कूल में अपनी स्कूली पढ़ाई की और वह बाद में परिवार के साथ हांगकांग में चली गई, जिसकी उच्च शिक्षा-दीक्षा विदेश में ही पूरी हुई। हरिभूमि संवाददाता से बातचीत के दौरान पिछले 20 साल से हांगकांग में रह रही प्रवासी भारतीय श्वेता सेठी शर्मा ने बताया कि वह प्रवासी सम्मेलन में पहली बार आई हैं और उसका मुख्य मकसद दुनियाभर में खुशी बांटने की है जिसके लिए हांगकांग स्थित एक संस्था में वह एक चीफ हैपीनेस आफिसर के रूप में कार्य कर रही है। वह खासकर भारतीय संस्कृति से इतना लगाव रखती है कि वह यहां भिखारियों के चेहरे पर भी एक मुस्कान देखती है। उनका मानना है कि जीवन मूल्यों पर केंद्रीत शिक्षा प्रदान करने की उसके मन में इच्छा है जिसकी शुरूआत वह इंडिया से ही करना चाहती हैं। भारत में वह यह प्रदर्शन करना चाहती है कि वह पिछले 20 साल से हांगकांग में कैसे खुश रहती है उसी अनुभव को बांटने के लिए वह खासकर गांवों-कस्बों में जाकर बच्चों, युवाओं और वृद्धों को मन की शांति और खुश रखने के लिए स्कूल आॅफ हैपीनेस, जिसमें स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और इसके लिए प्रोत्सान करना कि खुश रहना भी एक कला है। इस अभियान में श्वेता सेठी शर्मा पूर्वी और पश्चिमी सभ्यता को मिक्स करने का भी प्रसास कर रही हैं कि हमेशा सकारात्मक सोच हरेक के मन में हो। उनका मानना है कि दुनियाभर में भारतीय संस्कृति को बहुत ही सकारात्मक रूप से पाया जाता है, लेकिन यहां की खबरे नकारात्मक पेश हो रही है, जिनसे निजात पाने के लिए खुश रहने के नुस्खों का अमल करना जरूरी है। भ्रष्टाचार व घोटालों के मुद्दे पर उनका कहना था कि दुनियाभर मे हर इंसान एक-दूसरे के साथ खुशी बांटता है तो ऐसी समस्याएं स्वत: ही दूर हो जाएंगी। उन्होंने इस बात को भी माना कि इंसान के व्यवहार को दुनिया के लिए उपयोगी बनाने के लिए शोधकर्ताओं ने भी सिद्ध किया है कि खुश रहने से ही जीवन मूल्यों को हासिल किया जा सकता है। श्वेता सेठी शर्मा ने बताया कि उसके पति राहुल शर्मा हांगकांग में उसके इस अभियान में उनका सहयोग कर रहे हैँ जिनके माता-पिता भी गुडगांव में ही रहते हैं। उनका मानना है कि विदेशों में रहते हुए भी भारतवंशी अपनी मातृभूमि और संस्कृति को कभी नहीं भूलना चाहेंगे, बल्कि दुनियाभर में भारत की सकारात्मक छवि को प्रकट करने में पीछे नहीं हैं। इस सम्मेलन में सोनीपत के मूल निवासी कर्मवीर दहिया जो न्यूयार्क में वकालत करते हैं ने भी इसी प्रकार के विचार प्रकट किये।

बंटवारे की याद कर छलकते हैं आंसू...

ओ.पी. पाल
देश की आजादी के लिए महात्मा गांधी के अंहिसा और शांति के मूल्यों को दुनियाभर में जीवंत रखने के लिए विदेशों में रहे रहे भारतवंशियों की सक्रीय भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। खासकर कनाडा के मोंट्रीयल शहर में बसे सूरज सदन जिन्होंने जीवंत स्कैच और चित्रकारी के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग ही पहचान बनाई है जिनका मकसद बस दुनियाभर में चित्रकारी के जरिए महात्मा गांधी शांति और अहिंसा के संदेश का प्रसार करना है, लेकिन आज भी सूरज सदन की आंखों में बंटवारे के समय की विभीषिका याद आते ही आंसू छलक जाते हैं।आजादी के बाद वर्ष 1970 से मोंट्रियल शहर कनाडा में बसे 70 वर्षीय प्रवासी भारतीय सूरज सदन जब आठ साल के थे तो उन्हें गांधी जी के दर्शन हुए थे और इसी से प्रेरित होकर सूरज सदन ने महात्मा गांधी व कस्तूरबा गांधी का संयुक्त चित्र बनाया और इसी चित्र को भारत सरकार ने 1969 में जारी डाक टिकट पर जारी किया। इसी वर्ष में फ्रांस ने गांधी जी की 100वीं जयंती पर पेरिस में प्रदर्शनी लगाई तो सूरज को अपने चित्रों की प्रदर्शनी लगाने के लिए आमंत्रित किया गया, इस प्रदर्शनी ने सूरज सदन के गांधी दर्शन को जीवंत किया। नौवें प्रवासी भारतीय दिवस पर राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शनी के लिए दिये गये स्टाल पर सूरज सदन ने पेरिस में लगी इस प्रदर्शनी के बारे में बताया कि वहां उन्हें एक कनाडाई दूतावास का एक अधिकारी मिला और जो मेरे से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने मुझे कनाडा में बसने का न्यौता दिया और वह 1970 से ही कनाडा के मोंट्रियल शहर में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। उन्होंने वहीं से न्यूयार्क, लंदन, मोंट्रियल, चेन्नई, क्यूबा, वाशिंगटन, लार्डस, पेरिस आदि दर्जनों देशों में चित्र प्रदर्शनी लगाई तथा गांधी जी के संदेश को प्रसारित कर रहे हैँ जिनके साथ अब उनके बच्चें में इस मुहिम में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी फ्रेंचाईज है और वह स्वयं भी हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी, फ्रेंचाईज तथा पंजाबी भाषाओं में निपुण हैं, सूरज सदन ने मोंट्रियल में फाउंडेशन इंटरनेशनल महात्मा गांधी बनाई हुई है। सूरज सदन ने इस प्रकार की चित्रकारी की प्रेरणा का जिक्र करते हुए कहा कि 1956 में बाल दिवस के मौके पर उन्होंने 14 साल की उम्र में पंडित जवाहरलाल नेहरू से मुलाकात की तथा उन्हें उनका चित्र बनाकर भेंट किया, लेकिन अखबार में छपे फोटो से बनाये गये फोटो भेंट करने पर उन्हें एक तरह से फटकारा तथा हौंसला दिया कि यदि वह जीवंत फोटो बनाओगे तो आप दूसरा जीवन बनाएंगे। तभी उन्होंने अपने सचिव से आटोग्राफ करके अपना फोटो दिलाया। गांधी से आठ साल की उम्र मं उनकी मुलाकात तब हुई जब वे दिल्ली के किंग्सवे कैंप में बंटवारे के बाद शरणार्थियों से मिलने आए, वे भी शरणार्थियों में से एक थे। उन्होंने हरिभूमि संवावदाता को बताया कि नेहरू जी के बाद उनकी मुलाकात तत्कालीन राष्टÑपति राजेन्द्र प्रसाद और जाकिर हसैन से भी हुई जिन्होंने अपने आटोग्राफ युक्त फोटो देकर उन्हें इस चित्रकारी के लिए प्रोत्साहित किया। डा. राजेन्द्र प्रसाद ने तो उन्हें स्कैच और कला स्कूल में प्रशिक्षण के लिए भी उन्हें मदद प्रदान की। अभी तक सूरज महात्मा गांधी, नेल्सन मंडेला, जवाहरलाल नेहरू, राजेन्द्र प्रसाद, जाकिर हुसैन, दलाई लामा, हिलेरी किलंटन जैसी सैकड़ो अंतर्राष्ट्रीय हस्तियों के स्कैच चित्र बनाकर अपनी कला का लोहा मनवा चुके हैँ। गांधी जी के इस अनुयायी जहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुके हैं वहीं जब वह आजादी के बाद बंटवारे के समय हुए गदर की याद करते हैं तो उनकी आंखों में आंसू आ जाते हैं जो पाकिस्तान के हिस्से में गये क्वेटा से नंगे पैर चलकर भारत आये थे, लेकिन उन्हें भारत जैसी संस्कृति और सभ्यता वाले देश को आजादी दिलाने वाले महापुरुषों और आजादी की लड़ाई का नेतृत्व करने वाले महात्मा गांधी के शांति, अहिंसा तथा सत्य-निष्ठा और सभी आदर के उच्चतम मूल्यों को दुनियाभर के कोने-कोने तक पहुंचाने की हसरत रखते हैँ।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नहीं थम रहा वाकयुद्ध

आर-पार की तरफ बढ़ती भाजपा व कांग्रेस की लड़ाई
ओ.पी. पाल
भारतीय जनता पार्टी की गुहावटी में संपन्न हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जिस एजेंडे पर जोर दिया गया उसमें भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लिए गये फैसलों और राजनीतिक प्रस्तावों को देखते हुए यहीं संभावना है कि घोटोलों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार तथा विपक्ष के बीच चल रहे गतिरोध कम होने के बजाए और बढ़कर सामने आएगा। हालांकि कांग्रेस भी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को बचाने के लिए जोर शोर से अभियान में जुट गई है।भ्रष्टाचार का ऐसा मुद्दा बन गया है जिसके सामने राजनीतिक दलों को एक-दूसरे दल को घेरने की रणनीति पर काम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। इस मुद्दे पर विपक्ष से घिरी कांग्रेसनीत सरकार को फजीहत से बाहर निकालने के लिए कांग्रेस के पिछले महीने हुए महाधिवेशन मे भी विपक्ष खासकर भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रस्ताव पारित किये गये और भाषणों में भी भाजपा ही निशाने पर रही। वही स्थिति गुहावटी में संपन्न हुई भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में देखने को मिली। कांग्रेस को घेरने के इरादे से ही भाजपा ने गुहावटी में भाषणबाजी की और राजनीतिक व आर्थिक प्रस्तावों में भी सीधे कांग्रेस को ही निशाने पर रखा, जिसमें भाजपा का साफ एजेंडा है कि 2014 में केंद्र में सत्ता हासिल करना। इसके लिए भाजपा ने राजग शासनकाल की तुलना यूपीए के शासनकाल से की। कांग्रेस और भाजपा दोनो ही अपने अधिवेशनों में एक-दूसरे शासन की बखियां उखेड़ते दिखे। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से इस बात का स्पष्ट संकेत मिले हैँ कि भ्रष्टाचार को फोकस में लेकर महंगाई और अन्य मुद्दों पर आने वाले दिनों में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव और बढ़ने की संभावना है जबकि संसद का बजट सत्र अब ज्यादा दूर नहीं है। बिहार विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित सफलता और बोफोर्स दलाली मामले में आयकर अपीलीय प्राधिकरण (आईटीएटी) के रुख से पूर्वोत्तर में पहली बार आयोजित अपनी कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा काफी उत्साहित नजर आयी है। पार्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधने के लिए अपने तरकश से सारे तीर निकाल लिए हैं और कहा है कि दलाली का यह जाल ‘सोनिया गांधी के दरवाजे तक फैला है। ‘आईटीएटी के कारण बोफोर्स मुद्दे के फिर उछल जाने से भाजपा को कांग्रेस की घेराबंदी को और कसने का मौका मिल गया है। पहली बार वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को बोफोर्स दलाली के मुद्दे से सीधा जोड़ रही है। भाजपा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की बेदाग छवि पर सवाल उठा रही है। भ्रष्टाचार के मामलों में संप्रग को घेरने की मुख्य विपक्षी दल की रणनीति की यह अगली कड़ी नजर आ रही है। साफ है कि भाजपा कार्यकारिणी में पारित राजनीतिक प्रस्ताव में भी कांग्रेस और उसकी ‘पहले परिवार‘ पर निशाना साधा गया है और संप्रग का 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन, आदर्श हाउसिंग सोसायटी और राष्ट्रमंडल खेल के साथ जिक्र किया गया है। कांग्रेस के पिछले महीने हुए महाधिवेशन और गुहावटी में रविवार को ही संपन्न हुई भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सबसे बड़ी बात यही देखने को मिली है कि जिस प्रकार से भाजपा ने अपने राजनीतिक प्रस्ताव में वामदलों समेत किसी भी गैर कांग्रेस दलों पर निशाना नहीं साधा है उसी प्रकार कांग्रेस ने भी महाधिवेशन में अपने राजनीति प्रस्ताव में भाजपा को ही कोसा था। यानि कुछ यूं भी कहा जा सकता है कि कांग्रेस और भाजपा एक दूसरे पर पलटवार करने से आने वाले समय में ऐसा अखाड़ तैयार हो रहा है जिसमें आर-पार की कुश्ती होगी? संभावना यही नजर आ रही है कि भ्रष्टाचार के मुद्दे खासकर 23जी स्पेक्ट्रम पर इन्हीं दोनों दलों के बीच वाकयुद्ध तेजी पकड़ेगा और इसके चलते ही संसद का बजट सत्र आ जाएगा जिसमें गतिरोध कम होने के बजाए बढ़ने के आसार सामने आ सकते है।

दुनियाभर में बुलंदियों पर भारतीय संस्कृति!

नौवां प्रवासी भारतीय दिवस
ओ.पी. पाल
भारतीय संस्कृति को संजोये भारतवंशी विदेशों में रहते हुए भी यही कहते हैं कि ‘सारे जहां से हिन्दुस्तां हमारा...’ खटे-मीठे अनुभवों के साथ संपन्न हुए नौंवे प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन इसी परंपरागत कहावत को चरितार्थ करता है, जिसमें प्रवासी भारतीयों के प्रधानमंत्री ने नागरिकता और भारतवंशी कार्ड का विलय करने का भरोसा दिलाया जिसके तहत पासपोर्ट धारक भारतीय प्रवासियों को वीजा की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वहीं इस सम्मेलन में भारत सरकार ने प्रवासियों के मताधिकार की प्रगति का रास्ता भी सुलभ कराने का भरोसा दिलाया, जिसकी प्रक्रिया चुनाव आयोग में विचाराधीन है। मकसद यही कि भारत सरकार अपने रिश्तों को परदेश में बसे लोगों से बेहतर बनाने की परंपरा को बढ़ाने में जुटी हुई है।
रविवार को यहां विज्ञान भवन में संपन्न हुए तीन दिवसीय प्रवासी भारतीय दिवस का समापन राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल के संबोधन के साथ संपन्न हुआ, जहां राष्ट्रपति ने केंद्र सरकार की प्रवासी भारतीयों के लिए उठाये जा रहे कदमों को उनके लिए भारतीय संस्कृति को यादगार बनाये रखने की दिशा में अहम बताया। इस मौके पर राष्ट्रपति ने विदेशों में प्रवास कर रहे कई भारतवंशियों को देश के विकास में उत्कृष्ट भूमिका निभाने के लिए सम्मानित भी किया। यह नौंवा मौका है जब भारत ने विदेशों में रह रहे भारतवंशियों को एक मंच दिया और उनसे भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने की अपेक्षा की गई। पिछले साल संपन्न हुए आठवें प्रवासी भारतीय दिवस के मौके पर जहां सरकार ने खाड़ी के देशों में आर्थिक मंदी की वजह से नौकरी से निकाले जा रहे भारतीय श्रमिकों के स्वदेश में पुनर्वास के लिए कोष बनाने की घोषणा की थी और भारतवंशियों को स्वदेश लौटने के लिए आर्थिक मदद भी दी तो वहीं इस वैश्विक मंदी के बावजूद भारत की आर्थिक स्थिति को पटरी पर लाने का दावा कर चुकी केंद्र की सरकार ने इस बाद उन्हें मताधिकार देने तथा वीजा की समस्या से निदान दिलाने का भरोसा दिलाया, ताकि अप्रवासी भारतीय देश में अपनी कारोबारी दखल को बढ़ा सकें। सरकार ने इस सम्मेलन में यह भी स्वीकार किया है कि वैश्विक मंदी से भारत को उबारने में अप्रवासी भारतीयों के योगदान को भी भुलाया नहीं जा सकेगा। वहीं समापन भाषण में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने प्रवासियों द्वारा विदेशों में भी भारतीय संस्कृति को जीवित रखने के लिए उनकी पीठ थपथपाई। सम्मेलन में हमेशा की तरह इस बार भी 'एनगेजिंग विद डायस्पोरा' यानी विदेश में बसे भारतीय लोगों के साथ संवाद शीर्षक के साथ आयोजित इस शीर्ष स्तरीय सम्मेलन में तीन क्षेत्रों शिक्षा,स्वास्थ्य तथा ज्ञान-विज्ञान, निवेश और पूर्वोत्तर राज्यों के विकास पर विस्तार से चर्चा रही, वहीं राज्यों ने भी अप्रवासियों को राज्यों में निवेश करने का आव्हान करते हुए उनसे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए उनसे हिस्सेदार बनने की अपील की है। सम्मेलन में प्रवासी भारतीय दिवस के लिए दुनिया के पचास से अधिक देशों के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय 1500 प्रतिनिधियो ने हिस्सेदारी की कैबिनेट मंत्रियों,मुख्यमंत्रियों और अनेक वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा वैज्ञानिकों एवं अन्य विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श किया।

भारत को समझने की उत्सुक नई पीढ़ी!

ओ.पी. पाल
भारत को समझने के लिए प्रवासी भारतीय दिवस समारोह में शिरकत करने आए करीब एक दर्जन देशों के युवा और छात्र- छात्राओं के दिल में भी भारतीय संस्कृति को संजोने के लिए जगह है। इसी दल के युवाओं का मानना है कि वह देश के विभिन्न सांस्कृतिक, पर्यटन और अन्य प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों को देखकर भारत को समझने की इच्छा रखते हैं जिसके लिए भारत सरकार ने भी उन्हें जो मौका दिया है वे उसे गंवाना नहीं चाहेंगे।भारत सरकार ने विदेशों में बसे भारतीयों की उस युवा पीढ़ी को भी दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के रूप में भारत की संस्कृति और सभ्यता को समझने का मौका दिया है इसी दृष्टि से नौवें प्रवासी सम्मेलन में करीब एक दर्जन देशों के युवा और छात्र-छात्राओं का दल भी भारत को समझने के लिए विभिन्न शहरों का दौरा कर रहा है। फिजी, आस्ट्रेलिया, दक्षिया अफ्रीका, कनाडा, न्यूजीलैँड, जिम्बाब्वे, पेरू, इजराइल, टोरेंटो, अमेरिका, ब्रिटेन अदि एक दर्जन देशों के छात्र-छात्राओं के दल का भारत में नेतृत्व प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्रालय के अधिकारी जुबैर कर रहे हैं। इस दल में फिजी से आई आंध्र प्रदेश की मूल निवासी रोजलिन नायडू ने हरिभूमि संवाददाता से बातचीत में कहा कि इस दल में शामिल 35 सदस्य भारतवंशी तो हैं लेकिन वे पहली बार भारत आये हैं जिन्हें अभी इस लोकतांत्रिक देश को समझने की जरूरत है। नायडू कहती हैं कि हम समाचार पत्रों व टीवी पर ही भारत के बारे में सुनते आए हैं, लेकिन उन्हें भारत सरकार ने इंडिया को समझने का जो मौका दिया है उसे वे किसी भी कीमत पर गंवाना नहीं चाहेंगे। इसी प्रकार से फिजी से ही आंचल, रोनिज व विनीत के अलावा आस्टेलिया से गौरी, दक्षिण अफ्रीका से जयन्दन व सनम, पेरू से जयंती व कनाडा से आई एंड्यि भी भारत आकर प्रफ्फुलित नजर आये।