मंगलवार, 30 नवंबर 2010

जेपीसी पर गतिरोध में अटके कई महत्वपूर्ण बिल!

वी वांट जेपीसी के साथ ताज बदल जो तख्त बदल दो के नारे
ओ.पी. पाल
2जीस्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए जेपीसी की मांग पर अड़िग विपक्ष का सत्तापक्ष के साथ गतिरोध बरकरार है जिसके कारण राज्यसभा में शीतकालीन सत्र के दौरान एक भी दिन सदन की कार्यवाही सुचारू नहीं हो सकी है। यही कारण है कि सरकार के एजेंडे में शामिल कई महत्वपूर्ण बिल संसद में पेश नहीं हो पा रहे हैं। इस सत्र में अभी तक जो नया दिखाई दिया वह केवल विपक्ष के हंगामे में मंगलवार को ‘वी वांट जेपीसी’ के साथ ‘ताज बदल दो तख्त बदल दो’ के नारे भी सुनने को मिले।
गत नौ नवंबर से आरंभ हुए संसद के शीतकालीन सत्र में मामूली कामकाज के अलावा अभी तक जिस प्रकार से दोनों सदनों की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी है और आने वाले दिनों में भी संभव नहीं है तो ऐसे में राष्ट्रहित के कामकाज तो प्रभावित हो ही रहा है, वहीं सरकार के एजेंडे में शामिल अत्याचार निवारण विधेयक 2010, शिक्षा प्राधिकरण विधेयक 2010, बीज विधेयक 2004, अपहरण रोधी (संशोधन) विधेयक2010, मुफ्त और अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार(संशोधन) विधेयक संसद में पेश नहीं हो पा रहे हैं, वहीं पुनर्वास विधेयक, महिला आरक्षण बिल, खान व खनिज विकास और नियमन संशोधन विधेयक के अलावा पंचायती राज व शहरी स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए दो संशोधन विधेयक भी इसी सत्र में प्रस्तावित थे, जबकि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा विधेयक बिल को सरकार ने इस सत्र में पेश न करने का फैसला कर लिया है। इसी प्रकार लोकसभा में पारित हो चुके यातना निवारण विधेयक जैसे कई ऐसे बिल हैं जो राज्यसभा में पेश किये जाने थे। लेकिन 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति के गठन की मांग को लेकर अडिग विपक्ष के हंगामे की भेंट चढ़े अभी तक के 13 दिनों को देखने तथा आने वाले दिनों में यही स्थिति को देखते हुए लगता है कि ये विधेयक इस सत्र में अटके रह जाएंगे। जहां तक शीतकालीन सत्र का सवाल है उसमें केवल पहले दिन लोकसभा में कुछ कार्यवाही चल सकी थी, जिसमें सड़क परिवहन एवं राजमार्ग से संबन्धित केंद्रीय मंत्री कमलनाथ से मात्र एक ही सवाल पूछा जा सका था। इस मामूली कामकाज के अलावा अभी तक संसद के दोनों सदनों लोकसभा व राज्यसभा में एक भी प्रश्नकाल नहीं हो सका है। हां इतना जरूर है कि विपक्ष के हंगामे के बीच सभापीठ से कुछ रिपोर्टे व दस्तावेज सदनों के पटल पर रखवा दिये जाते है, लेकिन सदन की कार्यवाही के नाम पर अभी तक का सत्र शून्य पर टका हुआ है। दोनों सदनों में ही सभापति के बैठने से पहले ही विपक्ष की एकजुटता वेल में नजर आने लगती है और शुरू हो जाता है 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले पर जेपीसी की मांग को लेकर हंगामा। राज्यसभा में शीतकालीन सत्र के 13वें दिन आज जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो सभापति मोहम्मद हामिद अंसारी ने विपक्षी दलों की ओर से अग्रणी रहने वाले ओडिसा के सांसद रुद्रनारायण पाणी को सभापति ने सभापीठ पर बैठते ही यहां तक कह दिया कि वह संसद के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। इसके बाद भी विपक्षी दलों ने ‘वी वांट जेपीसी’ के नारे लगाये, तो वहीं इस नारे में परिवर्तन करते हुए ‘ताज बदल दो तख्त बदल दो’ के नारे भी लगाए। इस नारे पर रुद्रनारायण पाणी का कहना था कि यह नया नारा नहीं है बल्कि पुराना नारा है, लेकिन भाजपा ही नहीं समूचा विपक्ष जेपीसी की मांग से पहले कोई समझौता करने वाला नहीं है। उनका कहना था कि यह विपक्ष का ही रूख नहीं, बल्कि देश की जनता की आवाज है जो 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में 1.70 लाख करोड़ का सरकार से हिसाब मांग रही है। उच्च सदन की तरह ही लोकसभा में जेपीसी को लेकर गतिरोध जारी है। 2जी स्पेक्ट्रम, आदर्श आवास सोसायटी और राष्ट्रमंडल खेलों में हुए भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेसनीत यूपीए सरकार विपक्ष से घिरी हुई है, लेकिन जिस प्रकार से विपक्ष जेपीसी की मांग पर अड़िग है उसी तरह सत्तापक्ष भी जेपीसी गठित न करने की जिद पर अड़ी हुई है, जो संसद के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही को सुचारू करने में सबसे बड़ा गतिरोध बना हुआ है। इसके विपरीत सरकार इस सत्र के दौरान कई सर्वदलीय बैठक आयोजित कर विपक्ष से जेपीसी की जिद छोड़ने की अपील जरूर कर रही है, लेकिन सर्वदलीय बैठके सत्ता और विपक्ष के टकरा रहे अहम् के सामने बेनतीजा साबित हो रही हैं। ऐसा भी नहीं लगता कि सरकार संसद के शीतकालीन सत्र को समय से पूर्व अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने पर विचार करेगी? लेकिन सवाल है कि संसद में सत्ता व विपक्ष के बीच जेपीसी को लेकर जारी गतिरोध के कारण राष्ट्रहित के कई विधेयक संसद में पेश नहीं हो पाएंगे।

जगन रेड्डी ने बढ़ाई कांग्रेस की मुश्किलें!

भ्रष्टाचार पर पहले ही घिरी यूपीए सरकार
ओ.पी. पाल
ऐसे समय जब कांग्रेसनीत यूपीए सरकार भ्रष्टाचार और घोटाले के मुद्दे पर चौतरफा घिरी हुई है, तो आंध्र प्रदेश में कांग्रेस के बागी सांसद जगनमोहन रेड्डी ने पार्टी से इस्तीफा देकर कांग्रेस की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। भ्रष्टाचार व घोटालों के मुद्दों पर तो यूपीए सरकार को विपक्ष की एकजुटता ने इस कदर घेर रखा है कि संसद के शीतकालीन सत्र के अभी तक के 12 दिन हंगामें की भेंट चुके हैं और अभी संसद की कार्यवाही चलने के आसान पूरी तरह से क्षीण हैं।
यूपीए के दूसरे शासनकाल में जिस प्रकार 2जी स्पेक्ट्रम, मुंबई का आदर्श आवास सोसायटी घोटाला तथा राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों मेंभ्रष्टाचार खासकर कांग्रेस पार्टी के लिए मुश्किलें बढ़ाता जा रहा है। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे जो कांग्रेस की उम्मीदों के विपरीत आए हैं जो कांग्रेस के भ्रष्टाचार और घोटालों का ही परिणाम है। बिहार चुनाव में सोनिया और राहुल का भी जादू काम नहीं आ सका, जिसे लेकर कांग्रेस के सामने पार्टी जनाधार के भविष्य पर भी सवालिया निशान खड़ा कर गये हैँ। इधर देश के सबसे बड़े घोटाले के रूप में सामने आए 2जी स्पेक्ट्रम के आवंटन घोटाले ने कांग्रेसनीत यूपीए सरकार की नींद हराम कर दी है, जिसमें 1.70 लाख करोड़ रुपये के नुकसान का कैग की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है। प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के साथ 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति के गठन की मांग को समूचा विपक्ष एकजुट है। विपक्ष ने कांग्रेसनीत यूपीए सरकार को चौतरफा घेर रखा है जिसके कारण संसद के शीतकालीन सत्र के पहले 12 दिन विपक्ष के हंगामे की भेट चढ़ चुके हैं और सत्तापक्ष की किसी भी अपील और कवायद का विपक्ष की एकजुटता पर कोई प्रभाव नहीं है यानि समूचा विपक्ष बिना जेपीसी के गठन से पहले संसद की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलवाने के लिए सहमत न होने की जिद पर अड़िग है। जब संसद में यूपीए सरकार का नेतृत्व कर रही कांग्रेस घोटालों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चौतरफा घिरी हुई तो बिहार चुनाव के नतीजों के साथ ही आंध्र प्रदेश में कांग्रेस के सांसद जगनमोहन रेड्डी के इस्तीफे से कांग्रेस कहीं अधिक हलकान है, क्योंकि जगनमोहन रेड्डा राज्य के तीन दर्जन विधायकों के समर्थन का भी दावा कर रहे हैं। कांग्रेस को इस राजनीतिक संकट से आंध्र सरकार के अल्पमत में आने का भय तो सता ही रहा है। भले ही आंध्र प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य वी हनुमंत राव यह कह रहे हों कि पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी के पुत्र व कडप्पा से पार्टी के सांसद वाईएस जगनमोहन रेड्डी के कांग्रेस से इस्तीफा देने से प्रदेश में कांग्रेस की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जबकि दूसरी ओर कानून मंत्री वीरप्पा मोइली ने जगन के पार्टी से इस्तीफा देने को कांग्रेस के लिए दुर्भाग्य करार दिया है। ऐसे में आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को पार्टी जनाधार के भविष्य पर भी संकट साफ नजर आ रहा है। दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस रेड्डी की हैलीकाप्टर दुर्घटना में हुई मौत के बाद उनके बेटे जगनमोहन रेड्डी मुख्यमंत्री बनना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने के. रसौया को मुख्यमंत्री बना दिया था। तभी से जगन रेड्डी के बागी तेवर सामने आ रहे थे। इस संकट से निपटने के लिए हाल ही में कांग्रेस ने रसौया से इस्तीफा लेकर उनके स्थान पर एन किरण रेड्डी को मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन कांग्रेस को यह दांव उल्टा नजर आया और जगनमोहन रेड्डी के बागी तेवर इस कदर आसमान पर गये कि सोमवार को उन्होंने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कहकर नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया। यूपीए सरकार का नेतृत्व कर रही कांग्रेस के चौतरफा घिरे होने से कहा जा सकता है कि कांग्रेस पार्टी की मुसीबतें कम होने के बजाए बढ़ती जा रही है।

शुक्रवार, 26 नवंबर 2010

बिहार विस में बढ़ा दागियों का ग्राफ!

नीतीश का मंत्रिमंडल होगा बाहुबल से सराबोर
ओ.पी. पाल
बिहार विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करके जिस प्रकार से बाहुबलियों और धनाढ्य विधायकों का प्रवेश विधानसभा में हुआ है, उसे देखते हुए लगता है कि दुनिया के सबसे बड़े इस लोकतांत्रिक देश में चुनाव प्रणाली में सुधार करने की तेजी से की जा रही कवायद पूरी तरह से बेअसर है। मसलन पिछले विधानसभा चुनाव की अपेक्षा बिहार विधानसभा में इस बार ऐसे विधायकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई जिनके खिलाफ आपराधिक मामले लंबित हैँ। खास बात यह है कि 243 सदस्यों वाली विधानसभा में पहुंचे 141 दागियों में 116 विधायक सत्तारूढ़ गठबंधन के ही हैं, तो जाहिर सी बात है कि नीतीश कुमार का मंत्रिमंडल भी दागियों से सराबोर रहेगा।
राजनीति के बढ़ते अपराधिकरण को नियंत्रित करने की वैसे तो सभी राजनीतिक दल दुहाई देते हैं लेकिन चुनाव के समय ऐसे ही दल अपराधियों को अपने गले लगाने में पीछे नहीं रहता। बिहार चुनाव की घोषणा के बाद चुनाव में धनबल और बाहुबल की प्रथा को समाप्त करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने सर्वदलीय बैठक का दौर भी चलाया, ताकि देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की परंपरा को बढ़ावा दिया जा सके। आश्चर्यजनक बात तो यह है कि केंद्रीय निर्वाचन की इस कदम को सभी राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों ने अपना समर्थन तो दिया, लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन में इस पर अमल करना गंवारा नहीं समझा गया। यही कारण था कि बिहार विधानसभा चुनाव में 748 अपराधी छवि वाले प्रत्याशियों ने जोर अजमाइश की। चुनाव लड़ने वाले इन दागी प्रत्याशियों में 441 प्रत्याशी तो ऐसे रहे जिनके खिलाफ हत्या, लूट, अपहरण, डकैती, हत्या का प्रयास, बलात्कार जैसे संगीन मामले लंबित चल रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के सभी छह चरणों के प्रत्याशियों की घोषणा होने के बाद नेशनल इलेक्शन वॉच के राष्ट्रीय समन्वय अनिल बैरवाल और बिहार चुनाव समन्वक अंजेश कुमार द्वारा 2097 प्रत्याशियों द्वारा दाखिल शपथपत्रों का अध्ययन करने के बाद तथ्य उजागर किये। हालांकि जनता ने ज्यादातर दागियों को नकारा है, लेकिन इसके बावजूद 141 दागी प्रत्याशी चुनाव जीतकर विधानसभा में दाखिल हो गये हैँ, जिनमें 85 विधायक ऐसे हैं जिनके खिलाफ संगीन मामले लंबित चल रहे हैं। जबकि वर्ष 2005 की विधानसभा में ऐसे दागी विधायकों की संख्या 117 थी, जिनमें संगीन मामलों में शामिल 68 विधायक थे। इस बार बिहार में जद(यू)-भाजपा गठबंधन को इन चुनावों में प्रचंड बहुमत मिला और शुक्रवार को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री की शपथ भी ले ली, लेकिन विधानसभा में पहुंचे 141 दागियों में अधिकांश यानि 116 विधायक सत्तारूढ़ दल के ही हैँ, जिनमें जद(यू) व भाजपा के 58-58 एमएलए हैं। यदि संगीन अपराध में लिप्त विधायकों की बात करें तो उसमें जद(यू) के 43 तथा भाजपा के 29 विधायक हैं। ऐसे में जाहिर सी बात है कि नीतीश कुमार का मंत्रिमंडल भी दागियों से सराबोर रहेगा। विधानसभा में राजद के 22 विधायकों में 13, कांग्रेस के चार में तीन, लोजपा के सभी तीन, सीपीआई का एक तथा छह निर्दलीयो में पांच ऐसे विधायक हैं जिनके खिलाफ आपराधिक मामले लंबित हैँ। बिहार विधानसभा में पहुंचे दागियों में टॉप-10 में जद-यू के छह विधायक शामिल हैं, जिनमे नरेन्द्र कुमार पांडे के खिलाफ 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि इसी दल के प्रदीप कुमार व मनोरंजन सिंह के खिलाफ 18-18 आपराधिक मामले लंबित चल रहे हैं। इनके अलावा नरेन्द्र कुमार सिंह पर 15, अमरेन्द्र कुमार पांडेय पर 11, शिवजी राय पर आठ मामले लंबित हैँ। भाजपा के सतीश चन्द्र दूबे पर सात, आनंदी प्रसाद यादव पर पांच व अवनीश कुमार सिंह पर सात मामले हैँ। इनके अलावा कांग्रेस के मोहम्मद तोसीफ आलम के खिलाफ छह आपराधिक मामले लंबित हैँ।
करोड़पति विधायकों की संख्या बढ़ी
बिहार विधानसभा में इस बार 47 करोड़पति विधायक दाखिल हुए हैँ, जबकि वर्ष 2005 को गठित विधानसभा में केवल आठ करोड़पति विधायक निर्वाचित हुए थे। इन धनबल वाले विधायको में सबसे ज्यादा 27 जद-यू के विधायक शामिल हैं, जबकि भाजपा के दस, राजद के पांच और कांग्रेस के दो विधायक भी शामिल हैं।

गुरुवार, 25 नवंबर 2010

महिलाओं ने दोहराया अरसे पुराना रिकार्ड

एमएलए बनी 32 महिलाओं में दो मुस्लिम महिलाएं
ओ.पी. पाल
बिहार विधान सभा में जद-यू-भाजपा गठबंधन के प्रचंड बहुमत में महिलाओं को भी महत्व दिया गया है, जहां विधानसभा पहुंचने वाली महिलाओं की संख्या में भी अरसे बाद बढ़ोतरी हुई है। 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में इस बार 32 महिलाओं को प्रतिनिधित्व देखने को मिलेगा, जिनमें दो मुस्लिम महिलाएं भी विधायक निर्वाचित होकर आई हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार के विधानसभा चुनावों में जहां 48 साल पुराना प्रचंड बहुमत मिला और वह दोबारा सत्ताा पर काबिज हुए हैं वहीं 1962 के बाद सबसे ज्यादा 32 महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व मिला है। इन चुनावों में खास बात यह रही कि चुनाव में उतारे गए उम्मीदवारों में महिलाओं की भागीदारी सिर्फ 8.74 प्रतिशत ही थी। साढे पांच करोड़ मतदाताओं के बीच पचास प्रतिशत की हिस्सेदारी रखने वाली बिहार की महिलाओं में से बहुत कम ही पुरूषों के दबदबे वाली राज्य की राजनीति में जगह बना पाई हैं। इनमे दो मुस्लिम महिलाएं भी शामिल हैं जो जद-यू के टिकट पर राजद प्रत्याशी को हराकर विधानसभा में पहुंची हैं। इस चुनाव में जहां साहबपुर कमाल क्षेत्र से जद-यू के टिकट पर जहां परवीन अमानुल्लाह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नारायण यादव को हराया, तो वहीं कल्याणपुर से इसी पार्टी की उम्मीदवार रजिया खातून ने राजद उम्मीदवार मनोज कुमार यादव को पराजित करके नीतीश की जीत में योगदान दिया है। यदि इन चुनावों में पांच मुख्य पार्टियों सत्ताधारी जेडीयू और बीजेपी, विपक्षी आरजेडी, एलजेपी और कांग्रेस के साथ वामपंथियों के उम्मीदवारों की फेहरिस्त पर नजर डाले तो कुल 90 महिलाओं को टिकट दिया गया। जेडीयू ने सबसे ज्यादा 24 और बीजेपी ने11 महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा। वहीं मौजूदा स्वरूप में महिला आरक्षण बिल का विरोध करने वाली आरजेडी ने छह और एलजेपी ने सात महिलाओं को अपना उम्मीदवार बनाया था। इससे जाहिर होता है कि महिलाओं की तरक्की की राह में कितने रोड़े हैं। बुधवार को आए बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के मुताबिक सत्ताधारी जेडीयू-बीजेपी गठबंधन ने 206 सीटें जीतीं जबकि विपक्षी आरजेडी-एलजेपी गठबंधन को 25 सीटों से ही संतोष करना पडा। कांग्रेस के खाते में चार सीटें आई जबकि और झारखंड मुक्ति मोर्चा और सीपीआई को एक-एक सीट मिली है। अन्य के हिस्से 6 सीटें आई हैं। जहां तक बिहार विधानसभा में मुस्लिम विधायकों का सवाल है तो पिछली विधानसभा में 16 मुस्लिम प्रत्याशी थे, लेकिन इस चुनाव में 19 प्रत्याशी विधानसभा में अपनी जगह बनाने में सफल रहे, जिनमें 1972 के बाद पहली बार दो मुस्लिम महिलाए भी विधानसभा में बैठी नजर आएंगी, वो भी सत्ता पक्ष यानि दोनों महिलाएं जद-यू के टिकट पर जीतकर आई हैं। इससे पहले वर्ष 1972 में राज्य के विभाजन से पहले बिहार विधानसभा में दो महिला मुस्लिम विधायक विधानसभा पहुंची थीं।

...तो नहीं चला राहुल का जादू?

कांग्रेस का मुस्लिम फैक्टर भी औंधे मुहं गिरा
ओ.पी. पाल
बिहार विधानसभा के नतीजो ने बता दिया है कि राज्य में न तो कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी का ही जादू चल पाया और न ही कांग्रेस की नीतियों को बिहार की जनता ने स्वीकार किया। बिहार चुनाव ने कांग्रेस को यह भी सबक दिया है कि वह अभी अकेले दम पर बिहार में अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन को हासिल नहीं करने की हैसियत में नहीं है? जिस प्रकार से सत्तारूढ़ जद-यू व भाजपा गठबंधन को जनादेश मिला है उससे यह भी साफ हो गया कि बिहार में जातपात और हवाई राजनीति पर विकास के मुद्दे का जादू भारी पड़ा है।
कांग्रेस को यह अतिविश्वास था कि जिस तरह से लोकसभा चुनाव में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के अभियान से उत्तर प्रदेश में उम्मीद की किरण सामने आई थी, उसी तरह से बिहार में युवाओं को राजनीति में प्रोत्साहन उसकी खोई हुई राजनीति को वापस लाने में सफलता मिल सकती है। इसी रणनीति के तहत कांग्रेस पार्टी ने बिहार में अपनी चुनावी बिसात को बिछाते हुए पहली बार अकेले दम पर ही चुनाव लड़ने का फैसला किया। कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही बिहार में कांग्रेस को पुनर्जीवित करने की रणनीति का तानाबाना बुनना शुरू कर दिया था और राज्य में युवक कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के प्रभारी राहुल गांधी ने युवक कांग्रेस में संगठनात्मक चुनाव कराने का आधार तैयार करके अपनी प्रतिष्ठा को दांव पर ही नहीं लगाई, बल्कि उन्होंने चुनाव के दौरान ताबड़तोड़ चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। लेकिन इसके विपरीत राहुल गांधी का जादू इतनी बुरी तरह से औंधे मुंह गिरा कि जिन 19 प्रत्याशियों के समर्थन में उन्होंने चुनावी सभाओं को संबोधित किया उनमें से 18 सीटों पर कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा। बिहार में कांग्रेस को जमीन पर लाने के लिए कांग्रेस ने मुस्लिम-दलित कार्ड भी खेला और अधिकांश उम्मीदवार मुस्लिम वर्ग से बनाए गये, लेकिन कांग्रेस का मुस्लिम फैक्टर भी किसी काम नहीं आ सका। इसे यूं भी कहा जा सकता है कि बिहार में राजनीतिक जमीन को फिर से तैयार करने के लिए कांग्रेस की सभी रणनीतियां महंगी साबित हुई, जिसमें बिहार कांग्रेस का अध्यक्ष महबूब अली केसर के रूप में मुस्लिम चेहरा लाने के अलावा दलित चेहरे के रूप में केंद्रीय मंत्री मुकुल वासनिक को प्रभारी बनाना भी कांग्रेस का रास न आना शामिल है। इन चुनाव में कांग्रेस छह सीटों पर सिमट कर अपनी पिछली नौ सीटों को भी नहीं बचा पाई। जबकि कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और केंद्रीय मंत्रियों की चुनाव प्रचार में जान फूंकी, लेकिन इसके बावजूद बिहार में कांग्रेस की राजनीति जमीन धरातल से भी नीचे जाती दिखाई दी। इन चुनाव परिणाम को देखने से साफ है कि बिहार में कांग्रेस का झंडा लगभग उखड़ने के कगार पर है। शायद इसीलिए कांग्रेस के सचिव एवं प्रवक्ता मोहन प्रकाश भी यह कहते नजर आए कि इन चुनाव परिणाम को देखते हुए लगता है कि अगले बीस साल तक बिहार में कांग्रेस अकेले दम पर चुनाव की नैया पार नहीं लगा सकेगी। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी का कहना है कि कांग्रेस बिहार में पार्टी की पृष्ठभूमि के पुनर्निर्माण के लिए लगातार प्रयास को जारी रखेगी। राजनीतिशास्त्र के विशेषज्ञों की माने तो केंद्र में सत्तासीन होने के बावजूद बिहार में यह नाकामी कांग्रेस के लिए एक बड़ी चुनौती है, जिसका कारण चुनाव के दौरान महाराष्ट्र में आदर्श सोसाइटी घोटाला, राष्ट्रमंडल खेल में हुआ करोड़ों का हेर-फेर और 2जी स्पेक्ट्रम में अरबों रुपए के घोटाले ने शायद लोगों के निर्णय को अंतिम क्षणों में बदल डाला, जिसने राहुल गांधी के जादू को भी बेअसर साबित कर दिया। बकौल कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी अब कांग्रेस के सामने यही चुनौती होगी कि वह बिहार में शून्य से कांग्रेस को शुरूआत करनी होगी।

हम तो डूबेंगे...., तुमको भी ले डूबेंगे...

कब तक रहेगा लालू-पासवान का साथ
ओ.पी. पाल
बिहार विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद राजद-लोजपा के गठबंधन की विफलता पर यह कहावत चरितार्थ होती नजर आई कि ‘हम तो डूबेंगे सनम, तुमको भी ले डूबेगे..। यानि कांग्रेसनीत यूपीए से अलग होकर लोकसभा चुनाव की तरह बिहार विधानसभा चुनाव में भी लालू-पासवान का मिलकर चुनाव लड़ने में जहां लालू को भारी नुकसान हुआ है तो वहीं पासवान को भी घाटा उठाना पड़ा है। इन चुनाव परिणाम से तो यही लगता है कि दोनों को ही यूपीए से अलग रहना रास नहीं आ रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या लालू-पासवान भविष्य में गठबंधन में रहेंगे या नहीं।
बुधवार को बिहार विधानसभा के चुनाव के परिणाम को देखकर राजद-गठबंधन बैकपुट पर नजर आया। मुस्लिम, यादव और दलित समीकरण के आधार पर गठबंधन करके चुनाव मैदान में उतरी लालू-पासवान की दोस्ती को कतई उम्मीद नहीं थी कि इन चुनाव में धर्मनिरपेक्षता या जातिवाद अथवा वंशवाद की राजनीति धरातल पर आ जाएगी, लेकिन इन सब राजनीतियों पर राज्य में विकास का मुद्दा भारी रहा जिसे चुनाव परिणाम ने साबित भी कर दिया है। राजद और लोजपा यूपीए के घटक दल थे, लेकिन वर्ष 2009 में 15वीं लोकसभा के चुनाव में अलग होकर चुनाव लड़े, जिसका नुकसान कांग्रेस को तो हुआ ही, लेकिन राजद-लोजपा गठबंधन को भी इसका लाभ नहीं मिल सका। यानि लालू की सीटे तो कम हुई थी वहीं लोजपा को तो लोकसभा में खाता खोलने का भी मौका नहीं मिला। जबकि इन बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम भी लालू यादव व पासवान के गठबंधन करके फिर जोर अजमाइश की, जिसमें पासवान के साथ लालू को भी गहरा झटका लगा है। हालांकि राजद-लोजपा को उम्मीद थी कि जद(यू)-भाजपा गठबंधन के मुकाबले उनका गठबंधन बिहार की राजनीति पर हावी रहेगा। राजग के विकास के मुद्दे को नकारात्मक रूप से पेश करने और नीतिश पर निजी कटाक्ष करने में भी लालू-पासवान की दोस्ती ने कोई कसर नहीं छोड़ी, वहीं कांग्रेस से दूरी बनाकर राजद-लोजपा ने केंद्र पर भी निशाने साधे और मुस्लिम, यादव तथा दलित फैक्टर के सहारे चुनाव लड़ा। उधर नीतिश ने नरेन्द्र मोदी को नहीं आने दिया तो राजद-लोजपा से मस्लिम वोट बैंक भी खिसका और पासवान के दलितो के वोट बैंक को नीतीश ने महादलित का नारा दिया तो नीतीश को उसका लाभ मिला और लालू-पासवान हाथ मलते रह गये। शायद लालू-पासवान मौजूदा राजनीति या बिहार के मिजाज को समझने में भी चूक कर गये कि जनता क्या चाहती है। वर्ष 2005 के चुनाव में बिहार विधानसभा में राजद के 54 और लोजपा के दस विधायक थे, लेकिन इस बार दोनों को ही कुल 30 सीटों पर संतोष करना पड़ा। लालू व पासवान की इस दोस्ती में यही कहावत चरितार्थ होती नजर आती है कि हम तो डूबेंगे...तुमको भी ले डूबेंगे। कुछ यूं भी कहा जा सकता है कि लालू व पासवान कितने पास हैं और कितने दूर हैँ? लालू व पासवान का साथ लालू यादव के शासनकाल में भी रहा है, लेकिन यूपीए से अलग होने पर लालू की राजनीति धरातल पर आ रही तो उससे कहीं ज्यादा नुकसान पासवान को भुगतना पड़ रहा है। शायद लालू की मजबूरी थी कि वे पासवान को अपने साथ लें, क्योंकि अगर पासवान कांग्रेस के साथ चले जाते तो लालू मुश्किल में पड़ सकते थे। लेकिन राजनीति के लाभ और हानि में पुराने दोस्तों का यह गठबंधन उन्हें अब भारी पड़ता नजर आ रहा है। अब यही सवाल उठ सकते हैं कि लालू व पासवान की दोस्ती कब तक चलेगी, जिसका बिहार की राजनीति पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में दोनों ही नेताओं के सामने राजनीतिक संकट गहरा गया है।

कहां गया वो कांग्रेस दबदबा

23 में से 17 कांग्रेस के बने मुख्यमंत्री
ओ.पी. पाल
कांग्रेस को बिहार चुनाव में अपनी जमीन तैयार करने के लिए भले ही मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा हो, लेकिन राज्य में कांग्रेस का ही अधिक दबदबा रहा है, जिसने 43 साल यानि सबसे ज्यादा शासन चलाया है।
आजादी के बाद से ही बिहार में कांग्रेस का वर्चस्व था, जब वर्ष 1946 में श्रीकृष्ण सिन्हा ने मुख्यमंत्री का पद संभाला तो वे वर्ष 1961 तक लगातार इस पद पर बने रहे। यदि चार छोटे गैर कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल को छोड़ दें तो 1946 से वर्ष 1990 तक राज्य में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ही सत्तारुढ़ रही है। पहली बार पाँच मार्च 1967 से लेकर 28 जनवरी 1968 तक महामाया प्रसाद सिन्हा के मुख्यमंत्रित्व काल में जनक्रांति दल का शासन रहा। इसके बाद 22 जून 1969 से लेकर चार जुलाई 1969 तक कांग्रेस के ही एक धड़े कांग्रेस (ओ) का शासन रहा और भोला पासवान शास्त्री ने मुख्यमंत्री का पद संभाला। 22 दिसंबर 1970 से दो जून 1971 तक सोशलिस्ट पार्टी के लिए कपूर्री ठाकुर मुख्यमंत्री रहे और फिर 24 जून 1977 से 17 फरवरी 1980 तक कपूरी ठाकुर और रामसुंदर दास के मुख्यमंत्रित्व काल में जनता पार्टी का शासन रहा। बिहार को राजनीतिक रुप से काफी जागरुक माना जाता है लेकिन यह राजनीतिक रुप से सबसे अस्थिर राज्यों में से भी रहा है। शायद यही वजह है कि वर्ष 1961 में श्रीकृष्ण सिन्हा के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद 1990 तक करीब तीस सालों में 23 बार मुख्यमंत्री बदले और पाँच बार राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाना पड़ा। संगठन के स्तर पर कांग्रेस पार्टी राज्य स्तर पर कमजोर होती रही और केंद्रीय नेतृत्व हावी होता चला गया, लेकिन इस बार के चुनावी नतीजो से साफ दिखता है कि बिहार की राजनीतिक लगाम कांग्रेस के हाथों से भी फिसलती रही और राज्य में जिन तीस सालों में 23 मुख्यमंत्री बदले उनमें से 17 कांग्रेस के ही थे।